
यूनिक समय, नई दिल्ली। पंजाब के गुरदासपुर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो पुलिसकर्मियों की बेरहमी से की गई हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अब इस मामले में खूंखार लॉरेंस बिश्नोई गैंग की एंट्री हो गई है। गैंग के सदस्यों ने सोशल मीडिया पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट साझा करते हुए पुलिसकर्मियों की शहादत का बदला ‘आतंकवादियों’ का खून बहाकर लेने की खुली धमकी दी है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की चेतावनी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने फेसबुक पर हरि बॉक्सर, टॉयसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई के नाम से एक पोस्ट साझा कर गुरदासपुर में हुई पुलिसकर्मियों की हत्या पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है।
इस पोस्ट के माध्यम से गैंग ने शहीद हुए ईमानदार अफसरों, गुरनाम सिंह और अशोक कुमार, की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इसे भारत माता के बेटों पर हमला बताया है। गैंग ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि वे इस शहादत का बदला खून से लेंगे और ‘दो के बदले दस’ को मारने का दावा किया है।
इसके साथ ही, गैंग ने उन स्थानीय अपराधियों और गद्दारों को भी निशाने पर लिया है जो इन हमलावरों की मदद कर रहे हैं, और स्पष्ट कहा है कि ऐसे लोगों का सबसे पहले गला काटकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाला जाएगा।
क्या थी गुरदासपुर की घटना?
पंजाब के गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित अढियां गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक पुलिस चेक पोस्ट पर दो पुलिसकर्मियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
‘सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस’ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार उस समय ड्यूटी पर तैनात थे, जब अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि दोनों जवानों के सिर में बेहद करीब से गोली मारी गई थी, जिससे यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। मौके के हालात को देखकर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर तब हमला किया जब वे सो रहे थे, क्योंकि एक जवान का शव कुर्सी पर और दूसरे का रजाई के भीतर मिला था।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नया अवतार
लॉरेंस बिश्नोई गैंग अक्सर अपने कारनामों से पुलिस की रडार पर रहता है, लेकिन इस पोस्ट में गैंग ने खुद को ‘भारत माता’ का रक्षक बताते हुए सुरक्षा बलों और प्रशासन का पक्ष लिया है। पोस्ट के अंत में “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारे लिखे गए हैं। गैंग ने दावा किया है कि वे जानते हैं कि इन आतंकवादियों को कौन पनाह दे रहा है और अब वे उन्हें ऐसी “गंदी मौत” देंगे कि भविष्य में कोई सुरक्षाबलों की तरफ आंख उठाने की हिम्मत नहीं करेगा।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Gold Silver Price Today: चांदी 16,000 और सोना 3,700 रुपये उछला; अमेरिका-ईरान तनाव से बाजार में बढ़त
Leave a Reply