Gold Silver Price Today: तीन दिन की गिरावट के बाद सोना-चांदी की कीमतों में भारी तेजी; चांदी ₹21,000 और सोना ₹5,000 उछला

Gold and silver prices have risen sharply

यूनिक समय, नई दिल्ली। कमोडिटी मार्केट (MCX) में पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट पर आज ब्रेक लग गया है। मंगलवार सुबह बाजार खुलते ही कीमती धातुओं की कीमतों में जबरदस्त रिकवरी देखी गई। चांदी की कीमतों में जहाँ ₹21,000 से अधिक की रिकॉर्ड तेजी आई, वहीं सोना भी ₹5,000 प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया है। वैश्विक बाजार में आई हलचल और घरेलू मांग में सुधार ने कीमतों को एक बार फिर आसमान की ओर मोड़ दिया है।

MCX पर आज का हाल

पिछले सत्रों में करीब ₹1.75 लाख की भारी गिरावट के बाद आज सुबह 9:30 बजे मार्च डिलीवरी वाली चांदी ₹17,738 की छलांग लगाकर ₹2,53,999 प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई, जबकि शुरुआती कारोबार में इसने ₹2,57,480 का उच्च स्तर भी छुआ। चांदी के साथ-साथ सोने में भी चमक वापस लौटी और अप्रैल डिलीवरी वाला सोना ₹4,595 की तेजी के साथ ₹1,48,586 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। बाजार के जानकारों का मानना है कि निचले स्तरों पर निवेशकों की भारी खरीदारी और वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड के $4,837 के स्तर पर पहुंचने से घरेलू बाजार को यह बड़ा सहारा मिला है।

इंटरनेशनल मार्केट में भी भारी हलचल

वैश्विक स्तर पर भी सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल आया है। स्पॉट गोल्ड 3.7% की तेजी के साथ $4,837.16 प्रति औंस पर पहुंच गया है। गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को सोने ने $5,594.82 का अपना ऑल-टाइम हाई छुआ था। इसी तरह स्पॉट सिल्वर भी 5.9% की तेजी के साथ $84.09 प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

भारतीय सर्राफा बाजार में आज आई तेजी के बाद देश के विभिन्न महानगरों में सोने के भाव में उल्लेखनीय बदलाव देखा गया है जहाँ दिल्ली में 22 कैरेट स्टैंडर्ड गोल्ड की कीमत ₹1,12,432 प्रति 8 ग्राम और 24 कैरेट प्योर गोल्ड की कीमत ₹1,22,648 प्रति 8 ग्राम दर्ज की गई है। इसी तरह आर्थिक राजधानी मुंबई और हैदराबाद में सोने के दाम समान स्तर पर बने हुए हैं जहाँ ग्राहकों को 22 कैरेट के लिए ₹1,12,312 और 24 कैरेट शुद्ध सोने के लिए ₹1,22,528 प्रति 8 ग्राम का भुगतान करना होगा। दक्षिण भारत के प्रमुख शहर चेन्नई में सोने की दरें अन्य महानगरों के मुकाबले थोड़ी कम बनी हुई हैं जहाँ 22 कैरेट गोल्ड ₹1,11,592 और 24 कैरेट प्योर गोल्ड ₹1,21,736 प्रति 8 ग्राम के भाव पर बिक रहा है।

विशेषज्ञों की राय

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ दिनों की भारी बिकवाली के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर जमकर खरीदारी की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की स्थिति और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित निवेश (Safe Haven) के तौर पर सोने-चांदी की मांग फिर से बढ़ी है। हालांकि, चांदी जो हाल ही में ₹4 लाख के पार निकल गई थी, वह अभी भी अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे ट्रेड कर रही है, जो निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका भी हो सकता है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: US Tariff On India: ट्रंप का भारत को बड़ा तोहफा; भारतीय सामानों पर टैरिफ 50% से घटकर हुआ 18%

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*