
यूनिक समय, नई दिल्ली। साल 2026 की शुरुआत में रिकॉर्ड ऊंचाइयों को छूने के बाद अब सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट का दौर जारी है। जनवरी महीने में ऐतिहासिक शिखर पर पहुँचने वाली कीमती धातुओं के भाव अब काफी हद तक नियंत्रण में आते दिख रहे हैं। आज मंगलवार को MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) और सर्राफा बाजार दोनों ही जगहों पर कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और खरीदारों के बीच हलचल तेज हो गई है।
रिकॉर्ड ऊंचाई से औंधे मुंह गिरी कीमतें
बताते चलें कि इसी साल 29 जनवरी 2026 को चांदी ने MCX पर ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम का अब तक का सबसे उच्चतम स्तर छुआ था। इसी दिन सोना भी ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुँच गया था। लेकिन उस शिखर के बाद से कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। अब तक चांदी अपने उच्चतम स्तर से ₹1,80,157 और सोना ₹38,336 तक सस्ता हो चुका है।
MCX पर आज का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मंगलवार को बाजार खुलते ही सोने और चांदी की चमक फीकी रही और दोनों ही कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। आज चांदी की कीमत में ₹4,685 की भारी गिरावट आई है जिसके बाद यह ₹2,35,206 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है, जबकि सोने के भाव में भी ₹1,210 की कमी देखी गई है और अब यह ₹1,53,550 प्रति 10 gram के स्तर पर पहुँच गया है।
दिल्ली सर्राफा बाजार की ताजा रिपोर्ट
दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी जनवरी के मुकाबले कीमतों में बड़ा अंतर आया है। 29 जनवरी को जो चांदी ₹4,04,500 पर थी, वह सोमवार, 16 फरवरी को ₹2,55,000 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। वहीं सोना, जो ₹1,83,000 के रिकॉर्ड स्तर पर था, वह फिलहाल ₹1,59,200 प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है। हालांकि सोमवार को सोने में ₹700 की मामूली बढ़त देखी गई थी, लेकिन यह अभी भी अपने रिकॉर्ड हाई से ₹23,800 नीचे चल रहा है।
क्यों आ रही है गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जनवरी में आई ऐतिहासिक तेजी के बाद अब बाजार में ‘करेक्शन’ (Correction) का दौर चल रहा है। कीमतों में यह स्थिरता और गिरावट उन लोगों के लिए राहत भरी खबर है जो शादियों के सीजन के लिए खरीदारी की योजना बना रहे हैं।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Ring of Fire: आज आसमान में दिखेगा साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण; जानें कहां दिखेगा इसका असर
Leave a Reply