
यूनिक समय, नई दिल्ली। स्मार्टफोन जगत में अपनी खास पहचान रखने वाली कंपनी गूगल जल्द ही भारत में अपना नया किफायती फ्लैगशिप Google Pixel 10a लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि यह स्मार्टफोन फरवरी के तीसरे हफ्ते, यानी 18 फरवरी से गूगल के ऑनलाइन स्टोर पर प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध होगा। इसी बीच, ई-कॉमर्स दिग्गज फ्लिपकार्ट पर इस फोन के लिए एक डेडिकेटेड माइक्रोसाइट लाइव हो गई है, जिसने भारत में इसकी उपलब्धता पर पक्की मुहर लगा दी है।
डिजाइन और कलर ऑप्शंस
लीक हुए रेंडर्स और टीजर से पता चलता है कि पिक्सल 10ए का डिजाइन काफी हद तक पिछले मॉडल जैसा ही होगा, लेकिन इसमें कुछ आधुनिक बदलाव किए गए हैं। Google Pixel 10a हैंडसेट में एक फ्लैट मेटल फ्रेम और पीछे की तरफ पिल-शेप (Pill-shaped) कैमरा आइलैंड के भीतर डुअल रियर कैमरा सेटअप नजर आ रहा है। खबरों की मानें तो यह फोन केवल ब्लैक ही नहीं, बल्कि ब्लू, ग्रीन और रेड जैसे वाइब्रेंट कलर्स में भी वैश्विक स्तर पर बिक्री के लिए आएगा। फ्रंट में सेल्फी कैमरे के लिए होल-पंच कटआउट दिया गया है।
संभावित स्पेसिफिकेशन्स
हालांकि गूगल ने अभी आधिकारिक स्पेसिफिकेशन्स को गुप्त रखा है, लेकिन लीक्स के जरिए अहम जानकारियां सामने आई हैं।Google Pixel 10a में 6.3 इंच का फुल-एचडी+ AMOLED पैनल हो सकता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 2000 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आएगा। फोन के गूगल के इन-हाउस Tensor G4 चिपसेट से लैस होने की पूरी संभावना है, जो एआई (AI) टास्क को आसानी से हैंडल करेगा। लंबे बैकअप के लिए इसमें 5100mAh की दमदार बैटरी दी जा सकती है। फोटोग्राफी के लिए पीछे 48MP का मुख्य सेंसर और 13MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिल सकता है, जबकि सेल्फी के लिए 13MP का कैमरा होने की उम्मीद है।
कीमत और उपलब्धता
भारत में यह स्मार्टफोन फ्लिपकार्ट और गूगल इंडिया के ऑनलाइन स्टोर के जरिए खरीदा जा सकेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके 128GB बेस वेरिएंट की अंतरराष्ट्रीय कीमत 499 डॉलर (लगभग 44,000 रुपये) के आसपास हो सकती है। भारतीय बाजार में इसकी सटीक कीमत और बैंक ऑफर्स का खुलासा प्री-ऑर्डर शुरू होने के साथ ही होने की उम्मीद है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply