
यूनिक समय, नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान शुक्रवार को हुए यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन ने अब देशव्यापी राजनीतिक हिंसा का रूप ले लिया है। दिल्ली में जहां पुलिस और अदालत ने सख्त रुख अपनाया है, वहीं मध्य प्रदेश के इंदौर में इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके बाद हुई भारी पत्थरबाजी में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए हैं।
दिल्ली अपडेट
पटियाला हाउस कोर्ट ने भारत मंडपम में घुसपैठ कर हंगामा करने वाले चार मुख्य आरोपियों—कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव—को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि विदेशी प्रतिनिधियों के सामने “देश विरोधी” नारे लगाए गए और इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल रिकवर कर यह जांच करेगी कि इस पूरे हंगामे के पीछे कोई विदेशी फंडिंग या गहरी साजिश तो नहीं थी। आरोपियों के वकीलों ने इसे “शांतिपूर्ण प्रदर्शन” और “अभिव्यक्ति की आजादी” बताया, जिसे कोर्ट ने आरोपों की गंभीरता देखते हुए खारिज कर दिया।
इंदौर में संग्राम
दिल्ली की घटना के विरोध में इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस कार्यालय ‘गांधी भवन’ का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल तब बिगड़ गया जब कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में बाहर निकल आए। पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग के बावजूद दोनों गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिसमें कई कार्यकर्ताओं के सिर फट गए और वे लहूलुहान हो गए।
भाजयुमो नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की एआई क्षमता देख रहा है, तब राहुल गांधी के इशारे पर ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन कर देश की साख खराब की जा रही है।
भारत मंडपम में क्या हुआ था?
शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे, कुछ प्रदर्शनकारी QR कोड के जरिए समिट में घुसे और विदेशी मेहमानों के सामने कपड़े उतारकर ‘PM Is Compromised’ और ‘इंडिया-यूएस ट्रेड डील’ से जुड़े विवादित नारे लगाने लगे। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में सुरक्षा चूक और हंगामे ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए थे।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply