
यूनिक समय, नई दिल्ली। पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लकी ओबेरॉय की सरेआम हत्या कर दी। यह वारदात शहर के व्यस्त इलाके मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के ठीक बाहर हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कार पार्क करते समय घेरा
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, लकी ओबेरॉय मॉडल टाउन के गुरुद्वारा साहिब के बाहर अपनी कार पार्क कर रहे थे। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने ओबेरॉय पर एक के बाद एक कई राउंड फायर किए, जिनमें से उन्हें पांच गोलियां लगीं। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजनीतिक गलियारों में शोक
लकी ओबेरॉय जालंधर में आम आदमी पार्टी के सक्रिय सदस्य थे। वे ‘आप’ की कैंट हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के बेहद करीबी माने जाते थे। राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो लकी ओबेरॉय की पत्नी ने भी आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें उस चुनाव में जीत हासिल नहीं हो सकी थी।
पुलिस जांच और इलाके में दहशत
वारदात के बाद मॉडल टाउन जैसे पॉश इलाके में लोग सहमे हुए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Mathura News: महाशिवरात्रि पर कान्हा की नगरी से बाबा विश्वनाथ के लिए जाएगा ‘नेग’ और विवाह का शगुन
Leave a Reply