Mathura News: मुख्यमंत्री योगी कल आएंगे वृंदावन और मथुरा; गीता शोध संस्थान में करेंगे समीक्षा बैठक

Chief Minister Yogi will visit Vrindavan and Mathura tomorrow

यूनिक समय, मथुरा। धर्म और आस्था की नगरी वृंदावन शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर मथुरा प्रशासन ‘अलर्ट मोड’ पर है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने खुद मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं से लेकर कार्यक्रम स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया है। कान्हा की नगरी में मुख्यमंत्री के इस दौरे को ब्रज के कायाकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

क्या है शनिवार का पूरा शेड्यूल?

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की शुरुआत ताजनगरी आगरा से होगी, जहां वह यथार्थ अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पहुंचेंगे। सीएम के आगमन को देखते हुए पवनहंस से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया गया है कि परिंदा भी पर न मार सके।

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की 8वीं बोर्ड बैठक

मुख्यमंत्री के इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव गीता शोध संस्थान में आयोजित होने वाली ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे। परिषद के अध्यक्ष के रूप में उनके नेतृत्व में होने वाली इस उच्च स्तरीय चर्चा के दूरगामी परिणाम सामने आने की उम्मीद है, जिसमें ब्रज क्षेत्र के प्रमुख तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण और वहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर अंतिम मुहर लग सकती है।

इस बैठक में सबसे अधिक चर्चा बांके बिहारी कॉरिडोर (गलियारा) निर्माण परियोजना को लेकर होने की संभावना जताई जा रही है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने के लिए प्रस्तावित है। साथ ही, मथुरा-वृंदावन की सबसे जटिल चुनौती बन चुकी बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए मुख्यमंत्री अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी कर सकते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

उद्घाटन और दर्शन

मुख्यमंत्री का दौरा केवल बैठकों तक सीमित नहीं है। वह विकास और सुरक्षा के संगम के रूप में पर्यटन थाने और एक नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण भी करेंगे। इसके अलावा, कान्हा की नगरी में आकर मुख्यमंत्री बांके बिहारी मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मस्थान में दर्शन-पूजन कर ब्रज की सुख-समृद्धि की कामना भी कर सकते हैं।

सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम

प्रशासन ने मुख्यमंत्री के रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। पर्यटन स्थलों और वीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन का प्लान भी तैयार कर लिया गया है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Maharashtra Budget 2026: CM फडणवीस ने किसानों के लिए 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी और ‘लाडकी बहिण’ योजना की घोषणा

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*