Mathura News: सगे भाई ने गड़ासे से काट डाली भाई की गर्दन, बीच-बचाव करने आई मां को भी नहीं बख्शा

Real brother severs brother's neck with a cleaver

यूनिक समय, मथुरा। जनपद के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव एहरन में बीती रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक मामूली पारिवारिक विवाद ने इतना खौफनाक मोड़ ले लिया कि एक सगे भाई ने अपने ही भाई की गड़ासे से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग मां पर भी आरोपी ने रहम नहीं खाया और उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया।

आधी रात को गूंजी चीखें

जानकारी के अनुसार, एहरन गांव के निवासी निरंजन और उसके भाई मेघश्याम के बीच काफी समय से पारिवारिक कलह चल रही थी। मंगलवार की रात करीब 10 बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद तब और गहरा गया जब मेघश्याम की पत्नी दुर्गेश भी इस झगड़े में कूद पड़ी। देखते ही देखते गुस्सा इस कदर बढ़ा कि मेघश्याम घर के अंदर से गड़ासा उठा लाया और अपने सगे भाई निरंजन पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। निरंजन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पत्नी का मायके में रहना बना विवाद की जड़

मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि निरंजन की पत्नी पिछले करीब एक साल से अपने मायके में रह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर तनाव रहता था। चौंकाने वाली बात यह है कि निरंजन और मेघश्याम दोनों सगे भाइयों की पत्नियां आपस में सगी बहनें हैं, जिसके कारण घरेलू विवाद और पेचीदा हो गया था। जब भाइयों को लड़ता देख उनकी मां उन्हें शांत कराने पहुंची, तो आरोपी मेघश्याम ने उन पर भी गड़ासे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मेघश्याम और उसकी पत्नी दुर्गेश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना मगोर्रा पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने निरंजन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल मां को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Palam Fire Tragedy: पालम में चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग; हादसे में 9 लोगों की मौत

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*