
यूनिक समय, मथुरा। नगरी के थाना कोतवाली क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम उस समय दहशत के साए में सिमट गया, जब मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बीएसए रोड स्थित एक मैरिज होम में चल रहे शादी समारोह में बारातियों और स्थानीय पूर्व पार्षद तिलक वीर चौधरी के पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान हुई फायरिंग और पथराव ने खुशी के माहौल को रणक्षेत्र में बदल दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते और गुत्थमगुत्था होते नजर आ रहे हैं।
विवाद की शुरुआत और हिंसक झड़प
जानकारी के मुताबिक, मथुरा जंक्शन के पास गोपाल नगर निवासी प्रमोद कुमार की पुत्री का विवाह समारोह चल रहा था। बारात राजस्थान के डीग कस्बे से आई थी। कार्यक्रम के दौरान करीब 20-25 लोग अचानक मैरिज होम पहुंचे और किसी बात को लेकर बारातियों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लात-घूंसे और कुर्सियां चलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूर्व पार्षद पति तिलक वीर चौधरी और उनके समर्थकों की बारातियों के साथ तीखी झड़प हुई। वायरल वीडियो में तिलक वीर एक युवक के साथ बुरी तरह उलझते हुए दिखाई दे रहे हैं।
फायरिंग और दहशत का माहौल
झगड़ा यहीं नहीं रुका, मारपीट के बीच अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। चर्चा है कि दोनों पक्षों की ओर से हवाई फायरिंग की गई, जिससे शादी में आए मेहमानों और महिलाओं में भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि इस फायरिंग में एक महिला को छर्रे लगे हैं, जिससे वह घायल हो गई है। हंगामे और गोलियों की आवाज सुनकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपते नजर आए।
पुलिस से पिस्टल छीनने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान एक बेहद चौंकाने वाला दृश्य सामने आया; जब एक पुलिसकर्मी को वह पिस्टल मिली जिससे गोली चली थी, तो कुछ दबंगों ने पुलिसकर्मी से ही वह असलहा छीनने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर वायरल एक अन्य वीडियो में लोग पुलिसकर्मी के साथ जद्दोजहद करते देखे जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Banke Bihari Temple: अब 1.51 लाख में सजेगा ‘फूल बंगला’, मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का होगा कायाकल्प
Leave a Reply