
यूनिक समय, नई दिल्ली। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अजेय रहते हुए सुपर-8 में प्रवेश करने वाली टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार, 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पहले बड़े मुकाबले से ठीक पहले स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज नेट्स सत्र के दौरान चोटिल हो गए हैं। इस खबर ने टीम मैनेजमेंट और प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि सिराज टीम में एकमात्र बैकअप पेसर के तौर पर शामिल हैं।
हार्दिक का ‘झन्नाटेदार’ शॉट बना मुसीबत
सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब मोहम्मद सिराज नेट्स में हार्दिक पंड्या को गेंदबाजी कर रहे थे। हार्दिक ने एक जोरदार स्ट्रेट ड्राइव खेला, जो सीधे सिराज के घुटने पर जा लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि सिराज दर्द से कराहते नजर आए और उन्हें लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा। सोशल मीडिया पर भी इस घटना का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है, जहाँ फैंस सिराज की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
स्क्वॉड में पेसर्स की कमी
भारतीय टीम पहले से ही तेज गेंदबाजी के मोर्चे पर थोड़ी कमजोर नजर आ रही थी क्योंकि हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके थे। सिराज को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर आखिरी समय में टीम में जोड़ा गया था। सिराज ने यूएसए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए थे। अब अगर सिराज फिट नहीं होते हैं, तो जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पर दबाव काफी बढ़ जाएगा, क्योंकि 15 सदस्यीय स्क्वॉड में उनके अलावा कोई अन्य विशेषज्ञ तेज गेंदबाज मौजूद नहीं है।
अहमदाबाद में महामुकाबले की तैयारी
ग्रुप स्टेज में यूएसए, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड्स को धूल चटाने के बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी है। लेकिन सुपर-8 में चुनौती कठिन है, जहाँ भारत का सामना साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज जैसी टीमों से होना है। ऐसे में मेडिकल टीम की अपडेट पर सबकी नजरें टिकी हैं कि क्या सिराज रविवार के मैच तक रिकवर कर पाएंगे।
सुपर-8 के लिए भारत का स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उप-कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह और मोहम्मद सिराज।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply