डीडीयूपी पर प्रसारित होंगी ब्रजरज उत्सव की नृत्य नाटिकाएँ

यूनिक समय, मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित ब्रजरज उत्सव-2025 के अंतर्गत प्रस्तुत की गई प्रमुख नृत्य नाटिकाओं का अब दूरदर्शन उत्तर प्रदेश (डीडीयूपी) पर प्रसारण किया जाएगा। उत्सव में आकर्षण का केंद्र रहीं नृत्य नाटिकाएँ ‘यशोदा-कृष्ण’ और ‘गीता सार’ दर्शकों को टेलीविजन पर देखने को मिलेंगी। नृत्य नाटिका ‘यशोदा-कृष्ण’ का मंचन सांसद अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा किया गया था, जबकि ‘गीता सार’ की प्रस्तुति अभिनेता एवं निर्देशक पुनीत इस्सर द्वारा दी गई। दूरदर्शन मथुरा के सहायक निदेशक (कार्यक्रम) सत्यबृत सिंह ने बताया कि सांसद हेमा मालिनी द्वारा मंचित नृत्य नाटिका ‘यशोदा-कृष्ण’ का प्रसारण दूरदर्शन उत्तर प्रदेश पर 29 दिसंबर 25, 5 जनवरी 2026 एवं 12 जनवरी को प्रत्येक सोमवार रात्रि 10:30 बजे किया जाएगा। इसके बाद 19 जनवरी से 16 फरवरी 2026 तक, छह कड़ियों में पुनीत इस्सर द्वारा अभिनीत एवं निर्देशित नाट्य प्रस्तुति ‘गीता सार’ का प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन दोनों प्रस्तुतियों की रिकॉर्डिंग ब्रजरज उत्सव 2025 के दौरान दूरदर्शन मथुरा द्वारा किया गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*