छह पर्यटक जनसुविधा केन्द्र बनेंगे, बरसाना व नंदगांव में जमीन चिन्हित गरीब व मध्यम वर्गीय लोगों को मिलेगी ठहरने व स्वयं की किचिन की सुविधा गिरधारी लाल श्रोत्रिय यूनिक समय/ मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, ब्रज के बड़े स्थलों पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारियों में जुटा है। ये परियोजनाएं बनकर तैयार हो जाएंगी तो ब्रज में आने वाले गरीब यात्रियों को लाभ मिलेगा। वैसे रहीस पर्यटकों के लिए ब्रज के मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना में महंगे रेस्टोरेंट और होटल उपलब्ध हैं। लेकिन बसों से आने वाले मध्यम व गरीब वर्ग के पर्यटकों के लिए सस्ती सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद ने वृंदावन में पर्यटक सुविधा केन्द्र का निर्माण कराया था। आज यह सुविधा केन्द्र गरीब व मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है। जहां पर बसों से ग्रुपों में आने वाले यात्रियों को रहने अपनी स्वयं की रसोई सुविधा तो मिल रही है। वहीं यहां पर एक अत्याधुनिक हॉल हैं, जहां पर वीवीआईपी की बैठक जिले के अधिकारियों के साथ कराई जा रही हैं। राज्य सरकार वृंदावन की तर्ज पर पर्यटक सुविधा केन्द्र की सुविधा ब्रज के बरसाना, नंदगांव, गोवर्धन और राधाकुंड में देना चाहती है। बरसाना व नंदगांव में पर्यटक सुविधा केन्द्र को बनाने और जगह को चिन्हित भी कर लिया गया है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ व मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रताप ने बताया कि बरसाना में राधा बिहारी इंटर कालेज में पर्यटक सुविधा केन्द्र बनाना प्रस्तावित है। इस जगह की कीमत कालेज को हस्तांतरण करने की प्रक्रिया चल रही है। जहां पर रंगोत्सव का आयोजन भी कराया जा सकेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री या प्रशासनिक अधिकारियों की बैठकें हो सकेंगी, ऐसा हॉल बनाया जाएगा। नंदगांव में नंदबाबा मंदिर के समीप पर्यटक सुविधा केन्द्र बनाया जाएगा। इन दोनों पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। गोवर्धन में दो व राधाकुंड में एक पर्यटक जनसुविधा केन्द्र बनने हैं। इसके लिए जगह चिन्हित करने का कार्य चल रहा है। वृंदावन से गोकुल तक रिवर ट्रांसपोर्ट की मिलेगी सुविधा मथुरा। बुधवार को लखनऊ में हुई बैठक से लौटकर आए उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेन्द्र प्रताप ने बताया कि पर्यटन मंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें वृंदावन के केशीघाट और उसके आसपास के घाटों, मथुरा के विश्राम घाट, गोकुल बैराज, गोकुल के घाटों तक रिवर ट्रांसपोर्ट की सुविधा बढ़ाने पर चर्चा हुई, इससे मथुरा-वृंदावन की घनी आबादी के कारण यात्री यमुना के घाटों तक नहीं पहुंच पाते। रास्तों में भीड़ के चलते जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि जल्द यमुना में स्टीमर चलते हुए दिखाई देंगे। इसकी डीपीआर कार्यदायी संस्था द्वारा बनाई जा रही है। इस संबंध में केन्द्र सरकार के अधिकारियों के साथ भी बैठक हो गई है। वृंदावन में बनेगा कनवेंशन सेंटर मथुरा। सीईओ ने बताया कि वृंदावन में पवन हंस के हेलिपैड के समीप 1500 लोगों की क्षमता का कनवेंशन सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही इसी स्थान पर 300 लोगों के रहने के लिए गेस्ट भी बनाया जाएगा। जगह का चिन्हिकरण कर लिया गया है। इसकी स्वीकृति राज्य सरकार ने प्रदान कर दी है। गोकुल में बनेगी वासुदेव वाटिका मथुरा। गोकुल बैराज बनने के समय गोकुल में सिंचाई विभाग की जमीन पर मनभावन पार्क बनाने का प्रोजेक्ट प्रस्तावित था। गोकुल बैराज तो बन गया परंतु मनभावन पार्क का निर्माण नहीं हो सका। अब वहां पर वासुदेव पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि हस्तांतरण कराया जाना बाकी है। कोसी में बनेगा वाटर पार्क मथुरा। सीईओ ने बताया कि ब्रज में खारे पानी की समस्या है। इसके समाधान के लिए कोसीकलां में वाटर पार्क बनाने का प्रोजेक्टर पर कार्य किया जा रहा है। जहां पर लोगों को जल के महत्व और उपयोगिता के बारे में जानकारी मिलेगी। दो टीएफसी का निर्माण भी प्रस्तावित है मथुरा। सीईओ नागेंद्र प्रताप ने बताया कि जनपद के जैंत व जोधपुर झाल पर टीएफसी का निर्माण करा जााएगा। जहां पर पक्षी विहार कर सकेंगे। इनके पास के क्षेत्र में जनसुविधाए भी उपलबध कराई जाएंगी।