Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

शेयर बाजार – शुरुआती कारोबार लाल निशान पर; सेंसेक्स में करीब 500 अंक की गिरावट

by Tarun Bhardwaj • December 2, 2024
Advertisement
Ad

यूनिक समय ,नई दिल्ली। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 493.84 अंक की गिरावट के साथ 79,308.95 अंक तक गिर गया, जबकि निफ्टी 122.45 अंक फिसलकर 24,008.65 अंक पर पहुंच गया। इस बीच रुपया अपने सर्वकालिक निम्न स्तर से उबरता हुआ दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में दो पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 84.58 पर पहुंच गया।

विदेशी पूंजी की सतत निकासी से बाजार की धारणा प्रभावित हुई और घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 493.84 अंक की गिरावट के साथ 79,308.95 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी 122.45 अंक फिसलकर 24,008.65 अंक पर रहा। निराशाजनक व्यापक आर्थिक आंकड़ों का असर भी बाजार पर पड़ा।

शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, विनिर्माण तथा खनन क्षेत्रों के खराब प्रदर्शन और कमजोर उपभोग के कारण भारत की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर तिमाही में घटकर करीब दो वर्ष के सबसे निचले स्तर 5.4 प्रतिशत पर आ गई। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,383.55 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई। मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और टाटा मोटर्स के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में स्थिर खुला और अपने सर्वकालिक निम्न स्तर से केवल दो पैसे चढ़कर 84.58 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने निवेशकों की भावनाओं को और प्रभावित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.59 प्रति डॉलर पर खुला और सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ 84.58 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले केवल दो पैसे की बढ़त दर्शाता है। शुरुआती कारोबार में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निम्न स्तर 84.60 पर भी पहुंच गया। रुपया शुक्रवार को अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.