Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

यूपी: शादी से 12 दिन पहले लड़की को उसके प्रेमी ने जबरन खिलाया जहर

by Tarun Bhardwaj • April 25, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के झांसी में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें जिले से सटे मध्य प्रदेश की एक युवती को उसकी शादी से 12 दिन पहले जबरन जहर पिला दिया गया। झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दुल्हन के प्यार में पागल प्रेमी ने घर में घुसकर उसे उस समय जबरन जहर पिला दिया, जब उसके माता-पिता उसकी शादी के लिए सामान खरीदने बाजार गए हुए थे। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

21 वर्षीय मृतका का नाम प्रियंका पुत्री ब्रजेंद्र अहिरवार बताया गया है। वह मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर थाना अंतर्गत बगदा गांव की रहने वाली थी। पिता ने बताया कि प्रियंका उनकी इकलौती बेटी थी। वह बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उसकी शादी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में तय हुई थी। शादी तय होने के बाद सगाई समेत अन्य रस्में भी हो चुकी थीं।

पिता का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसकी बेटी से एकतरफा प्यार करता था, जबकि बेटी इसके खिलाफ थी। जब उसे प्रियंका की शादी के बारे में पता चला तो वह उसे तोड़ने का दबाव बनाने लगा। बुधवार को पिता, मां प्रभा और बेटा सुमित दहेज का सामान खरीदने झांसी के चिरगांव गए थे। इस दौरान घर पर बेटी प्रियंका और उसकी 10 वर्षीय चचेरी बहन थी।

चाचा सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि दोपहर में आरोपी घर में घुस आया और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने प्रियंका पर शादी तोड़ने का दबाव बनाया और धमकी दी कि अगर उसने शादी नहीं तोड़ी तो वह उसके पिता और भाई को जान से मार देगा। जब प्रियंका ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने जेब से सल्फास की डिब्बी निकाली और प्रियंका को जबरन 3 से 4 गोलियां खिला दीं। विरोध करने पर उसने 10 वर्षीय बच्ची को थप्पड़ मारे और भाग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। यह देख आरोपी भाग गया।

आसपास के लोगों ने प्रियंका को झांसी के चिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां प्रियंका की मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। झांसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटना मध्य प्रदेश से जुड़ी होने के कारण झांसी में पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.