Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

IAS फौजिया तरन्नुम को लेकर बीजेपी MLC ने की विवादित टिप्पणी, हुई FIR दर्ज

by Arpita Singh • May 27, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। कर्नाटक में एक नया राजनीतिक विवाद उस समय भड़क उठा जब बीजेपी के विधान परिषद सदस्य (MLC) एन रविकुमार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी फौजिया तरन्नुम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उन्होंने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि फौजिया “पाकिस्तान से आई हुई लगती हैं”। फौजिया तरन्नुम वर्तमान में कलबुर्गी जिले की डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं।

फौजिया तरन्नुम 2014 बैच की IAS अधिकारी हैं और UPSC परीक्षा में उन्होंने पूरे देश में 31वीं रैंक हासिल की थी। इससे पहले वे IRS अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। बीजेपी नेता की यह टिप्पणी उस वक्त आई है जब देश में नेताओं के बयानों को लेकर पहले से ही संवेदनशील माहौल बना हुआ है। हाल ही में मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर अभी तक बहस जारी है।

एन रविकुमार ने कलबुर्गी में एक रैली के दौरान बोलते हुए यह भी आरोप लगाया कि जिला प्रशासन कांग्रेस सरकार के प्रभाव में काम कर रहा है और कलबुर्गी कलेक्टर का कार्यालय अब स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं कर रहा। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि जिला कलेक्टर पाकिस्तान से आई हैं या भारत की आईएएस अधिकारी हैं।”

इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कांग्रेस ने बीजेपी पर समुदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणियां कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने का आरोप लगाया है। इस विवादित बयान को लेकर कलबुर्गी के स्टेशन बाजार पुलिस थाने में एन रविकुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। IAS एसोसिएशन ने भी इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी है और रविकुमार से बिना शर्त माफी की मांग की है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.