Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

18 साल के इंतजार के बाद पूरा हुआ विराट कोहली का सपना, RCB बनी चैंपियन

by Arpita Singh • June 4, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला 3 जून को इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया, जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ ही 18 नंबर की जर्सी पहनने वाले विराट कोहली और RCB फैंस का 18 साल पुराना सपना साकार हो गया।

इस सीजन की खास बात ये रही कि यह आईपीएल का 18वां संस्करण था और फाइनल मैच की तारीख 03-06-2025 को जोड़ने पर भी आंकड़ा ’18’ ही बनता है (3+6+2+0+2+5 = 18)। संयोग से विराट कोहली की जर्सी का नंबर भी 18 है, और शायद यही ’18’ इस बार RCB के लिए भाग्यशाली साबित हुआ।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 190 रन बनाए। विराट कोहली ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 43 रनों का योगदान दिया। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी।

RCB ने इससे पहले 2009, 2011 और 2016 में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन हर बार खिताब से चूक गई थी। इस बार टीम ने रजत पाटीदार की कप्तानी में इतिहास रच दिया। कोहली, जो खुद कई वर्षों तक टीम के कप्तान रहे, इस बार एक सीनियर खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ थे।

जैसे ही RCB की जीत पक्की हुई, स्टेडियम में मौजूद फैंस लाल रंग की जर्सियों में झूम उठे। वहीं, बेंगलुरु से लेकर मुंबई, नोएडा, पटना, कानपुर और लखनऊ तक RCB समर्थकों ने जश्न मनाया। वर्षों से “ई साला कप नामदे” (इस साल कप हमारा है) का नारा लगाने वाले फैंस के लिए यह जीत किसी सपने के पूरे होने से कम नहीं थी।

इस जीत के साथ ही अब RCB का नाम भी मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, डेक्कन चार्जर्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी चैंपियन टीमों की सूची में शामिल हो गया है।

3 जून 2025 की तारीख ने विराट कोहली, RCB और उनके लाखों समर्थकों के दिलों में एक खास जगह बना ली है। यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि धैर्य, जुनून और समर्पण की कहानी है जो आखिरकार सफलता में बदली।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.