Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

मीठी नदी घोटाले में फंसे ‘हाउसफुल 5’ के एक्टर डिनो मोरिया, ED ने की रेड

by Arpita Singh • June 6, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता और मॉडल डिनो मोरिया के घर आज, शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की। यह छापेमारी मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित उनके आवास पर की गई और जांच अभी भी जारी है।

यह कार्रवाई मीठी नदी से गाद हटाने के नाम पर हुए लगभग ₹65 करोड़ के कथित घोटाले की जांच के तहत की जा रही है। इस मामले में मुंबई और केरल समेत 15 से अधिक स्थानों पर ईडी ने एक साथ छापेमारी की।

ईडी की जांच में यह पाया गया है कि बीएमसी अधिकारियों और कुछ ठेकेदारों ने 2007 से 2021 के बीच गाद हटाने के काम के लिए भुगतान तो प्राप्त किया, लेकिन वास्तव में यह कार्य कभी हुआ ही नहीं। इस मामले में डिनो मोरिया के अलावा बीएमसी के सहायक अभियंता प्रशांत रामुगाड़े और कई अन्य ठेकेदारों के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने डिनो मोरिया से दो बार पूछताछ की थी। अब ईडी मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, दस्तावेज और अन्य सामग्री का विश्लेषण कर रही है ताकि मनी लॉन्ड्रिंग की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

गौरतलब है कि डिनो मोरिया की बहुचर्चित फिल्म हाउसफुल-5 आज ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और उसी दिन उनके घर ईडी की रेड पड़ने से यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है। प्रमोशन के दौरान डिनो कई प्रमुख बॉलीवुड सितारों के साथ देखे गए थे और सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी लगातार बनी हुई थी।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस छापेमारी के बाद डिनो मोरिया के खिलाफ ईडी को क्या सबूत हाथ लगते हैं और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.