Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

पीयूष चावला ने क्रिकेट को कहा अलविदा, सभी प्रारूपों से लिया संन्यास

by Arpita Singh • June 6, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। पिछले साल वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस की ओर से खेले थे, लेकिन IPL 2025 की नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने क्रिकेट करियर के अंत की जानकारी दी।

पीयूष चावला ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर करते हुए लिखा, “अब इस अध्याय को समाप्त करने का समय आ गया है। मैं सभी फॉर्मेट्स से रिटायर हो रहा हूं। इस लंबे और खूबसूरत सफर में साथ देने के लिए सभी को धन्यवाद।”

उन्होंने अपने 20 साल से अधिक लंबे क्रिकेट करियर की यादों को साझा करते हुए बताया कि भारत के लिए खेलना, 2007 का टी20 वर्ल्ड कप और 2011 का वनडे वर्ल्ड कप जीतना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था। चावला ने उन सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों का भी आभार जताया जिनके लिए उन्होंने खेला—पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस।

पीयूष ने बीसीसीआई, उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA), गुजरात क्रिकेट संघ (GCA) और अपने सभी कोचों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए लिखा, “मेरे स्वर्गीय पिताजी ने हमेशा मुझ पर भरोसा रखा। उनके समर्थन के बिना यह सफर मुमकिन नहीं था।”

अपनी रिटायरमेंट पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “आज मेरे जीवन का एक भावनात्मक दिन है। मैं मैदान से भले दूर हो जाऊं, लेकिन क्रिकेट मेरे अंदर हमेशा जिंदा रहेगा। अब मैं अपने नए सफर की शुरुआत के लिए तैयार हूं, जिसमें इस खेल से मिली सीख को आगे ले जाऊंगा।”

पीयूष चावला का आईपीएल करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है। वह लीग के पहले सीजन से लेकर अब तक सक्रिय थे और कुल 192 मैचों में 192 विकेट लिए। उन्होंने 2006 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था, जहां उन्होंने 3 टेस्ट, 25 वनडे और 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

उन्होंने अपने करियर में टेस्ट में 7, वनडे में 32 और टी20 में 4 विकेट हासिल किए। उनके संन्यास के साथ ही भारतीय क्रिकेट के एक और अनुभवी खिलाड़ी का अध्याय समाप्त हो गया है।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.