Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

साउथ अफ्रीका ने WTC फाइनल जीतकर रचा इतिहास, 27 साल बाद जीती ICC ट्रॉफी

by Arpita Singh • June 14, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है, क्योंकि साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 का फाइनल जीतकर पहली बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा जमाया है। लॉर्ड्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर WTC का ताज अपने सिर सजाया।

यह साउथ अफ्रीका की दूसरी ICC ट्रॉफी है, और इस खिताबी जीत के साथ उन्होंने 27 वर्षों का लंबा सूखा खत्म किया। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 1998 में पहली बार ICC चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। दो ICC खिताबों के बीच का यह 27 साल का अंतर अब तक का सबसे लंबा है, जो पहले वेस्टइंडीज के नाम था (25 साल का अंतराल)।

WTC फाइनल मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 212 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम सिर्फ 138 रन पर सिमट गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 207 रन बनाए और साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 282 रनों का लक्ष्य दिया।

साउथ अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जबरदस्त वापसी की और चौथे दिन 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में ओपनर एडन मारक्रम ने शानदार 136 रनों की पारी खेली। कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी 66 रनों का अहम योगदान दिया। उनके बीच हुई मजबूत साझेदारी ने टीम की नींव मजबूत की और मैच को साउथ अफ्रीका की ओर मोड़ दिया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ साउथ अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले न्यूजीलैंड (2021) और ऑस्ट्रेलिया (2023) यह खिताब जीत चुके हैं। लंबे समय से ‘चोकर्स’ के टैग से जूझ रही साउथ अफ्रीकी टीम ने इस जीत से अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया और खुद को टेस्ट क्रिकेट की नई ताकत के रूप में स्थापित किया।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.