भारत को अमेरिका से मिली राहत, टैरिफ लागू करने का फैसला 1 अगस्त तक टला

टैरिफ लागू करने का फैसला 1 अगस्त तक टला

यूनिक समय, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर चल रही अनिश्चितता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर प्रस्तावित जवाबी टैरिफ लागू करने के फैसले को 1 अगस्त तक स्थगित कर दिया है।  यह निर्णय भारतीय निर्यातकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि इससे दोनों देशों को व्यापारिक मतभेद सुलझाने और समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।

ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को विभिन्न देशों को पत्र भेजे, जिसमें संभावित शुल्कों की जानकारी दी गई। हालांकि इन देशों की सूची में भारत को शामिल नहीं किया गया। ज्ञात हो कि अमेरिका ने 2 अप्रैल को भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 26% अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की थी, जिसे पहले 90 दिनों के लिए टाल दिया गया था। यह अवधि 9 जुलाई को समाप्त हो रही थी, जिसे अब बढ़ाकर 1 अगस्त कर दिया गया है।

भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2024-25 में 131.84 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जिसमें भारत का निर्यात 86.51 अरब डॉलर और आयात 45.33 अरब डॉलर रहा, जबकि व्यापार अधिशेष 41.18 अरब डॉलर का दर्ज किया गया।

ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित पत्र बांग्लादेश, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया सहित कई देशों को भेजे गए हैं, जिन पर टैरिफ की योजना बनाई गई है। एक अन्य कार्यकारी आदेश के तहत इन देशों पर शुल्क लगाने की समयसीमा भी 1 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।

भारत और अमेरिका फिलहाल एक अंतरिम व्यापार समझौते के पहले चरण को सितंबर-अक्टूबर तक पूरा करने की दिशा में प्रयासरत हैं। भारत ने अपनी स्थिति अमेरिकी पक्ष के समक्ष स्पष्ट कर दी है, अब अगला कदम अमेरिका के पाले में है।

ये भी पढ़ें:- 9 जुलाई को भारत रहेगा बंद, 25 करोड़ कर्मचारी करेंगे हड़ताल, जानें क्या है वजह? 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*