Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Weather Alert: उत्तर भारत में जलप्रलय; दिल्ली, पंजाब और पहाड़ों में बाढ़ से हाहाकार

by Tarun Bhardwaj • September 5, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में जलप्रलय हो रही है। इन दिनों मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने कहर बरपा रखा है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे कई रिहायशी और पॉश इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं, पंजाब में भी सतलुज नदी के उफान से कई गांव जलमग्न हो गए हैं, और पहाड़ों में भूस्खलन से भारी तबाही मची है।

दिल्ली में बाढ़ से बुरा हाल

उत्तर भारत में जलप्रलय के कारण दिल्ली में यमुना का पानी अब सिविल लाइंस जैसे वीवीआईपी इलाकों तक पहुंच चुका है, जहां मुख्यमंत्री आवास भी स्थित है। मोनेस्ट्री मार्केट और श्री स्वामीनारायण मंदिर जैसे क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हैं। कश्मीरी गेट से लेकर आईटीओ रोड तक सड़कें तालाब बन गई हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हथिनीकुंड बराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौसम विभाग ने आज भी हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

पंजाब में सतलुज नदी का कहर

पंजाब में सतलुज नदी के बढ़ते जलस्तर ने फाजिल्का के आसपास के गांवों में बाढ़ ला दी है। NDRF और पंजाब सरकार बचाव अभियान चला रही है। राज्य के तीनों प्रमुख बांधों का जलस्तर खतरे के निशान के पास या उससे ऊपर पहुंच गया है, और अब तक 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मुख्यमंत्री मान ने इस आपदा पर चर्चा के लिए शाम 4 बजे कैबिनेट मीटिंग बुलाई है।

पहाड़ों और अन्य राज्यों का हाल

जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलने से भारी तबाही मची है। झेलम नदी में जलस्तर बढ़ने से बड़गाम में तटबंध टूट गया है, जिससे कई बस्तियों में पानी भर गया। भूस्खलन की घटनाओं में सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

उत्तर प्रदेश और बिहार: यूपी के ज्यादातर हिस्सों में बारिश से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन गाजियाबाद, नोएडा और बागपत में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार के उत्तरी जिलों जैसे सीतामढ़ी और दरभंगा में भी मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है।

हिमाचल-उत्तराखंड: हिमाचल प्रदेश में आज मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन उत्तराखंड के नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। खासकर पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें: CM SHRI School Admission: दिल्ली के सीएम श्री स्कूलों में प्रवेश परीक्षा की तारीख बदली

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.