Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Goa Nightclub Fire Case: 25 मौतों के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड से भारत निर्वासित, दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस करेगी गिरफ्तार

by Tarun Bhardwaj • December 16, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। इस अग्निकांड के मुख्य आरोपी और नाइटक्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा (लूथरा ब्रदर्स) को मंगलवार को थाईलैंड से भारत निर्वासित (Deported) कर दिया गया है। इनकी भारत वापसी के साथ ही गोवा पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की पूरी तैयारी कर ली है।

बैंकॉक से दिल्ली वापसी और गिरफ्तारी की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स को सुरक्षा एजेंसियों और भारतीय अधिकारियों की कड़ी निगरानी में थाईलैंड से भारत लाया जा रहा है। दोनों भाइयों को विमान की पिछली पंक्ति में रखा गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके और अन्य यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर गोवा पुलिस की टीम पहले से मौजूद रहेगी। विमान से उतरते ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा और औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस उन्हें मंगलवार रात तक सड़क या विमान मार्ग से गोवा ले जाने की योजना बना रही है, जहां आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

लूथरा ब्रदर्स पर गंभीर आरोप

लूथरा ब्रदर्स पर आरोप है कि उन्होंने बिना जरूरी सुरक्षा मानकों और वैध परमिट के नाइटक्लब का संचालन किया। 6 दिसंबर को इसी क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि आग क्लब परिसर में आयोजित फायर शो के दौरान भड़की थी। एफआईआर के अनुसार, क्लब में बिना पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा इंतजामों के फायर शो आयोजित किया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि नाइटक्लब आवश्यक लाइसेंस और अनुमति के बिना चलाया जा रहा था।

घटना के तुरंत बाद सौरभ और गौरव लूथरा के थाईलैंड भाग जाने से जांच एजेंसियों का उन पर संदेह गहरा गया था, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई और उन्हें बैंकॉक से डिपोर्ट किया गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गोवा सरकार ने जांच के लिए एक विशेष कानूनी टीम का गठन किया है।

इस मामले में क्लब के सह-साझेदार अजय गुप्ता को भी इससे पहले दिल्ली से गिरफ्तार किया जा चुका है। गोवा पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और अदालत में एक मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें: Vijay Diwas 2025: विजय दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वीरों को किया नमन

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.