Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Vijay Diwas 2025: विजय दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वीरों को किया नमन

by Tarun Bhardwaj • December 16, 2025
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। आज, 16 दिसंबर, भारत के इतिहास का सबसे गौरवशाली दिन ‘विजय दिवस’ है। यह दिन भारतीय सशस्त्र बलों के अद्वितीय शौर्य, साहस और बलिदान की याद दिलाता है। आज से ठीक 54 साल पहले, 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों ने ऐतिहासिक पराक्रम दिखाते हुए पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। इस निर्णायक जीत के परिणामस्वरूप न केवल पूर्वी पाकिस्तान आजाद हुआ और बांग्लादेश का जन्म हुआ, बल्कि भारत ने दुनिया को अपनी सैन्य शक्ति और राष्ट्रहित के प्रति अपने अटल संकल्प का संदेश भी दिया।

पीएम मोदी ने सैनिकों के बलिदान को किया याद

विजय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 1971 के युद्ध में भारतीय सेना ने अद्भुत साहस दिखाकर देश को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।

उन्होंने कहा कि हम उन वीर सैनिकों को याद करते हैं, जिनकी निष्ठा और निस्वार्थ सेवा ने देश की रक्षा की और इतिहास में गर्व का पल दर्ज किया। उन्होंने आगे कहा कि यह दिन सेना की बहादुरी को सलाम करने का दिन है और यह उनके अटूट साहस की याद दिलाता है। सैनिकों की बहादुरी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी 1971 के युद्ध में विजय दिलाने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। उन्होंने सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि भारतीय सेना की ‘स्थानीयकरण के जरिए सशक्तिकरण’ योजना भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसमें सेना ने आत्मनिर्भरता, रणनीतिक संकल्प और आधुनिक युद्ध तकनीकों का प्रभावी उपयोग दिखाया, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा, “विजय दिवस के मौके पर, मैं अपनी मातृभूमि के बहादुर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि देती हूँ। उनकी हिम्मत, बहादुरी और निस्वार्थ सेवा ने देश को गर्व से भर दिया है। उनकी बहादुरी और देशभक्ति हमेशा हमारे देश के लोगों को प्रेरित करती रहेगी।”

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

ये भी पढ़ें: Mathura: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा; 7 बस और 3 कारों में टक्कर के बाद लगी आग, 4 की मौत और 25 घायल

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.