यूनिक समय, नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र इन दिनों न केवल नीतिगत बहसों, बल्कि व्यक्तिगत हमलों और तीखी बयानबाजी का अखाड़ा बन गया है। बुधवार को संसद परिसर के मकर द्वार पर एक ऐसी घटना घटी जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पूर्व कांग्रेसी व वर्तमान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच 'गद्दार' और 'देश का दुश्मन' जैसे शब्दों के साथ तीखी नोंकझोंक हुई। राहुल गांधी का तंज घटना उस समय की है जब कांग्रेस के निलंबित सांसद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में संसद की सीढ़ियों पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को देखकर राहुल गांधी ने चुटकी लेते हुए कहा, "देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है। इसका चेहरा देखो..."। इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए मुस्कुराकर कहा, "नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस (कांग्रेस में) आ जाओगे।" बता दें कि बिट्टू कभी पंजाब कांग्रेस के दिग्गज चेहरा थे और चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में शामिल होकर केंद्र में मंत्री बने हैं। बिट्टू का करारा जवाब राहुल गांधी के तंज पर रवनीत बिट्टू ने सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने राहुल गांधी से हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया और पलटवार करते हुए उन्हें "देश का दुश्मन" करार दिया। बिट्टू ने कहा कि वे उन लोगों से कोई संबंध नहीं रखते जो देश के हितों के खिलाफ काम करते हैं। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक गरमागरम बहस हुई, जिसे वहां मौजूद सांसदों और कैमरों ने कैद कर लिया। निलंबन और विरोध प्रदर्शन की गूँज संसद परिसर में यह हंगामा उस माहौल के बीच हुआ जब कांग्रेस के सात और सीपीआई (एम) के एक सदस्य समेत कुल आठ सांसदों को बजट सत्र के शेष समय के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सांसद—गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, राजा वारिंग और अन्य—संसद की सीढ़ियों पर 'PM समझौता कर चुके हैं' के पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्ष का आरोप है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश के हितों के साथ समझौता है, जबकि सत्ता पक्ष इसे भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत बता रहा है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Gold Silver Price Today: सोना ₹1.60 लाख के पार, चांदी ₹3 लाख के करीब; जानें आपके शहर का भाव