यूनिक समय, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अंतरराष्ट्रीय विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा के खिलाफ साझा किए गए एक नस्लवादी वीडियो का है। ट्रंप द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में ओबामा दंपत्ति को 'वनमानुष' के रूप में दिखाया गया था, जिसके बाद अमेरिका सहित पूरी दुनिया में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। क्या था विवादित वीडियो में? यह करीब 62 सेकंड का एक एनिमेटेड वीडियो था, जिसे एक प्रभावशाली दक्षिणपंथी मीम निर्माता ने तैयार किया था। वीडियो के आखिरी हिस्से में बराक और मिशेल ओबामा के चेहरों को वनमानुषों के शरीर पर मॉर्फ करके दिखाया गया था। वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन को भी एक जानवर के रूप में केला खाते हुए चित्रित किया गया। वीडियो में 2020 के राष्ट्रपति चुनावों में वोटिंग मशीनों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया और ट्रंप को 'जंगल का राजा' बताया गया। ट्रंप का रुख: "मैंने कोई गलती नहीं की" भारी राजनीतिक दबाव और रिपब्लिकन-डेमोक्रेट दोनों दलों के विरोध के बाद व्हाइट हाउस ने वीडियो को डिलीट कर दिया। हालांकि, ट्रंप ने इस पर माफी मांगने से स्पष्ट इनकार कर दिया है। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें वीडियो की शुरुआत पसंद आई थी इसलिए उन्होंने इसे शेयर कर दिया, शायद किसी ने उसका अंत (नस्लवादी हिस्सा) नहीं देखा होगा। व्हाइट हाउस ने सफाई दी कि एक कर्मचारी ने गलती से यह वीडियो पोस्ट कर दिया था। प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने शुरुआत में इस आक्रोश को 'झूठा' बताया था, लेकिन बाद में इसे हटाना ही बेहतर समझा गया। नस्लवाद की निंदा, पर माफी नहीं जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या वे वीडियो में दिखाए गए नस्लवाद की निंदा करते हैं, तो उन्होंने "बिल्कुल" कहा, लेकिन साथ ही यह भी दोहराया कि वीडियो चुनावों में हुई धांधली के बारे में था और उन्हें वह पसंद आया। यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट ने नस्लीय या व्यक्तिगत अपमान की बहस को जन्म दिया है, लेकिन ओबामा दंपत्ति पर इस तरह के हमले ने अमेरिकी राजनीति में उबाल ला दिया है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Happy Rose Day 2026: गुलाब की खुशबू से महकाएं अपना रिश्ता; इस रोज डे पर जीते अपनी पार्टनर का दिल