Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

Yogi ki Paati: मुख्यमंत्री का बच्चों को भावनात्मक पत्र; चाइनीज मांझे और मोबाइल की लत से बचने की सलाह

by Tarun Bhardwaj • February 9, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के करोड़ों बच्चों के नाम एक बेहद खास और भावनात्मक पत्र लिखा है, जिसे ‘योगी की पाती’ का नाम दिया गया है। इस पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को जीवन में सफल होने, स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से चाइनीज मांझे के खतरों और मोबाइल फोन की बढ़ती लत पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है।

चाइनीज मांझा से दूरी बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने बच्चों को आगाह करते हुए कहा कि आकाश में उड़ती पतंगें सबको भाती हैं, लेकिन इसकी डोर ‘चाइनीज मांझा’ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेज धार वाले इस मांझे का उपयोग न केवल जानलेवा है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध है। योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से इस अभियान में ‘पुलिस मित्र’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि कहीं भी इसकी बिक्री दिखे, तो अपने परिजनों के माध्यम से तुरंत पुलिस को सूचित करें।

मोबाइल की लत

आज के डिजिटल युग में बच्चों के बीच बढ़ते स्क्रीन टाइम पर प्रहार करते हुए सीएम ने भावनात्मक पत्र में लिखा कि मोबाइल फोन बच्चों का सबसे कीमती समय ‘चुरा’ लेता है। रील देखने और गेम खेलने में बर्बाद होने वाले घंटों से न केवल आंखें कमजोर होती हैं, बल्कि पढ़ाई और रचनात्मकता पर भी बुरा असर पड़ता है। उन्होंने बच्चों को ‘किताबों से दोस्ती’ करने, मैदान में खेलकूद में हिस्सा लेने और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी है।

बोर्ड परीक्षा के लिए दिया ‘सफलता मंत्र’

आगामी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए सफलता का मंत्र साझा किया। उन्होंने श्रीमद्भगवदगीता के श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का उदाहरण देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को परिणाम की चिंता छोड़कर केवल अपने परिश्रम और सीखने की ललक पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों को परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करने और बिना किसी नकारात्मक विचार के प्रश्नपत्र हल करने की शुभकामनाएं दीं।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: संपूर्ण समाधान दिवस: महावन में जिलाधिकारी की सख्त हुंकार; होली और बलदेव हुरंगा को लेकर प्रशासन अलर्ट

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.