Mathura News: गिरिराज महाराज की शरण में पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान; सात कोस की लगाई परिक्रमा

Shivraj Singh Chouhan sought refuge at the feet of Giriraj Maharaj

यूनिक समय, मथुरा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को ब्रज भूमि के पावन धाम गोवर्धन पहुंचे। यहाँ उन्होंने अपने परिवार के साथ गिरिराज महाराज की भक्तिभाव से सात कोस की परिक्रमा की और विधि-विधान से दुग्धाभिषेक व पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान ‘पांव-पांव वाले भैया’ के नाम से प्रसिद्ध शिवराज सिंह ने न केवल अपनी आस्था प्रकट की, बल्कि देश के महत्वपूर्ण राजनीतिक और कृषि मुद्दों पर भी बेबाकी से अपनी राय रखी।

गिरिराज तलहटी में आध्यात्मिक शांति

परिक्रमा शुरू करने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “गिरिराज महाराज के दर्शन मात्र से ही जो शांति और प्रसन्नता की अनुभूति होती है, वह शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। ब्रज की रज में आकर मन भक्ति से सराबोर हो गया है।” मंत्री जी के आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, वहीं श्रद्धालुओं में भी उनकी एक झलक पाने के लिए भारी उत्साह देखा गया।

भारत-अमेरिका डील

कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए भारत-अमेरिका के बीच हुई हालिया डील को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा यह समझौता भारतीय किसानों के लिए वैश्विक बाजारों के नए द्वार खोलेगा। डील के माध्यम से कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और संसाधनों का विस्तार होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय कृषि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पहचान बना रही है।

वीर सावरकर को ‘भारत रत्न’ की मांग का समर्थन

राजनीतिक गलियारों में गरमाए मुद्दे पर बोलते हुए शिवराज सिंह चौहान ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की उस मांग का खुला समर्थन किया, जिसमें स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को भारत रत्न देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा “वीर सावरकर का देश की आजादी में अतुलनीय और अप्रतिम योगदान रहा है। उनके त्याग और राष्ट्रभक्ति को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना पूरी तरह न्यायोचित है। वह देश के करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं।”

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: World: सुप्रीम लीडर खामेनेई ने तोड़ी 37 साल पुरानी परंपरा; ट्रंप की सैन्य घेराबंदी के डर से खुद को किया आइसोलेट?

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*