
यूनिक समय, नई दिल्ली। धर्मनगरी वाराणसी में उस समय सनसनी फैल गई जब जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर कचहरी को बम से उड़ाने की खौफनाक धमकी मिली। रात करीब 1:30 बजे आए इस संदेश ने प्रशासन की नींद उड़ा दी, जिसमें जजों और अधिवक्ताओं को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पूरी कचहरी को छावनी में तब्दील कर दिया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आतंकी संगठनों के नाम से आई धमकी
सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह गौतम के अनुसार, जिला जज ने बार पदाधिकारियों को आपातकालीन बैठक के लिए बुलाया और जानकारी दी कि ई-मेल में आतंकवादी संगठनों द्वारा दोपहर डेढ़ बजे कचहरी को उड़ाने का जिक्र है। इसके तुरंत बाद कोर्ट में चल रहे सभी मामलों में अगली तारीखें दे दी गईं और सुरक्षा के मद्देनजर अधिवक्ताओं व वादकारियों से परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया।
भारी फोर्स और बम निरोधक दस्ता तैनात
धमकी की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड कचहरी के एक-एक कोने, चैंबरों और संदिग्ध सामानों की जांच कर रहे हैं। मौके पर तीन कंपनी पीएसी, कई थानों की फोर्स और साइबर सेल की टीम तैनात है। कचहरी के साथ-साथ वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्लेटफार्म से लेकर प्रवेश द्वार तक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
साइबर सेल जांच में जुटी
आमतौर पर हजारों की भीड़ से गुलजार रहने वाली बनारस कचहरी में आज सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस की साइबर सेल टीम उस ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने में जुटी है, जिससे यह धमकी भेजी गई थी। अधिकारियों का कहना है कि अयोध्या समेत प्रदेश के अन्य 19 जिलों की कचहरियों को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की सूचना है, जिससे यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा जान पड़ता है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply