
यूनिक समय, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को औपनिवेशिक विरासत को पीछे छोड़ते हुए अपने नए आधुनिक कार्यालय परिसर ‘सेवा तीर्थ’ में विधिवत कार्यभार संभाल लिया। संयोगवश, आज ही के दिन 1931 में नई दिल्ली को देश की राजधानी के रूप में औपचारिक रूप से उद्घाटित किया गया था। इस नए परिसर में अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय को एक ही छत के नीचे लाया गया है, जो शासन व्यवस्था में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगा।
सेवा का नया संकल्प
प्रधानमंत्री ने नए कार्यालय का उद्घाटन परिसर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। ‘सेवा तीर्थ’ की दीवारों पर अंकित ‘नागरिक देवो भव’ का मंत्र यह स्पष्ट करता है कि सरकार की प्राथमिकता नागरिक-केंद्रित शासन है। इस ऐतिहासिक पल के गवाह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी बने।
पीएम राहत योजना
नए दफ्तर में कलम संभालते ही प्रधानमंत्री ने सबसे पहले जनहित से जुड़ी ‘पीएम राहत योजना’ (PM RAHAT Scheme) को मंजूरी दी। इस क्रांतिकारी कदम के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्रदान किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य ‘गोल्डन ऑवर’ में त्वरित उपचार सुनिश्चित करना है ताकि समय के अभाव में किसी की जान न जाए।
अब 6 करोड़ ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य
महिलाओं की आर्थिक उन्नति की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया गया कि सरकार ने तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य समय से एक साल पहले ही प्राप्त कर लिया है। इस सफलता को देखते हुए प्रधानमंत्री ने अब मार्च 2029 तक इस लक्ष्य को दोगुना कर 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने का नया संकल्प लिया है।
खेती और स्टार्टअप्स को नई ऊर्जा
कृषि क्षेत्र में किसानों को मजबूत बनाने के लिए ‘कृषि अवसंरचना कोष’ को बढ़ाकर दो लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है, जिससे भंडारण और प्रसंस्करण की आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी। स्टार्टअप इंडिया 2.0 नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के ‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ को मंजूरी दी गई है, जो विशेष रूप से डीप टेक और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को वित्तीय मजबूती देगा।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
यह भी पढ़े: Barabanki: मुख्तार गैंग के ‘शूटर’ शोएब उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या; हाईवे पर मची सनसनी
Leave a Reply