
यूनिक समय, नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मैदान पर लगातार मिल रही हार के बीच अब टीम के खेमे से एक दुखद खबर सामने आई है। टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट केसी रामा सुब्रमणियन को दिल्ली में दिल का हल्का दौरा (माइल्ड हार्ट अटैक) पड़ा है, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तबीयत बिगड़ने पर करानी पड़ी एंजियोप्लास्टी
अफगानिस्तान की टीम अपना अगला मुकाबला खेलने के लिए दिल्ली पहुंच चुकी है। इसी दौरान टीम के महत्वपूर्ण सदस्य केसी रामा सुब्रमणियन के स्वास्थ्य में गिरावट आई। 11 फरवरी को सुब्रमणियन ने अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत नई दिल्ली के फोर्टिस हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद तत्काल उनकी एंजियोप्लास्टी की। राहत की बात यह है कि सर्जरी सफल रही और अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं।
मैदान पर भी संघर्ष कर रही है अफगान टीम
पिछले टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली अफगानिस्तान टीम इस बार अपने रंग में नजर नहीं आ रही है। ग्रुप-डी में शामिल इस टीम के लिए सुपर-8 की राह अब बेहद कठिन हो गई है। पहले मैच में न्यूजीलैंड ने उन्हें 5 विकेट से हराया, तो दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत के करीब पहुंचकर भी वे ‘डबल सुपर ओवर’ के रोमांच में मात खा गए।
लगातार दो हार के बाद अफगानिस्तान तालिका में चौथे स्थान पर है और उनका जीत का खाता खुलना अभी बाकी है। टीम को अब अपनी साख बचाने के लिए 16 फरवरी को यूएई और 19 फरवरी को कनाडा के खिलाफ मुकाबला करना है। एनालिस्ट की अचानक बिगड़ी तबीयत ने टीम के मनोबल पर भी असर डाला है, क्योंकि मैच की रणनीति तैयार करने में परफॉर्मेंस एनालिस्ट की भूमिका बेहद अहम होती है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply