Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

अमीषा पटेल के खिलाफ मुरादाबाद कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट; अभिनेत्री ने किया ‘धोखाधड़ी’ का दावा

by Tarun Bhardwaj • February 17, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। बॉलीवुड की ‘गदर’ गर्ल अमीषा पटेल एक बार फिर कानूनी विवादों के कारण सुर्खियों में हैं। साल 2017 के एक इवेंट से जुड़े चेक बाउंस और धोखाधड़ी के मामले में मुरादाबाद की एक अदालत ने अभिनेत्री के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। राजपाल यादव के हालिया कानूनी विवाद के बाद अब अमीषा पटेल को लेकर भी कयासों का बाजार गर्म है कि क्या उन्हें भी जेल की हवा खानी पड़ सकती है।

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद करीब सात साल पुराना है जो मुरादाबाद के एक वेडिंग इवेंट से शुरू हुआ था। मुरादाबाद के इवेंट ऑर्गेनाइजर पवन कुमार वर्मा का आरोप है कि उन्होंने 16 नवंबर 2017 को एक शादी में परफॉर्म करने के लिए अमीषा पटेल को बुक किया था और इसके लिए उन्हें ₹14.50 लाख का एडवांस पेमेंट भी दिया गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार अमीषा तय कार्यक्रम के बावजूद इवेंट में नहीं पहुंचीं और विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने ₹10 लाख तो नकद लौटा दिए लेकिन बाकी बचे ₹4.50 लाख का जो चेक दिया वह बाउंस हो गया। फिलहाल यह मामला अदालत में आईपीसी की धारा 120-बी (साजिश), 406 (विश्वासघात) और 506 (धमकी) जैसी गंभीर धाराओं के तहत लंबित है।

अदालत का कड़ा रुख

मुरादाबाद के अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत ने अमीषा को कई बार समन जारी किए थे, लेकिन उनके पेश न होने पर कोर्ट ने अब सख्त कदम उठाते हुए गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 27 मार्च को होनी तय हुई है।

अमीषा पटेल का पलटवार

मुरादाबाद कोर्ट के गैर-जमानती वारंट की खबरें वायरल होते ही अमीषा पटेल ने इंस्टाग्राम पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए शिकायतकर्ता पर ही बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी सफाई में स्पष्ट रूप से कहा कि यह मामला सालों पहले ही पूरी तरह सुलझ चुका था और पवन वर्मा ने सेटलमेंट डीड पर बाकायदा साइन करके पूरी सहमत राशि भी प्राप्त कर ली थी।

अमीषा का दावा है कि सेटलमेंट हो जाने के बावजूद उन्हें जानबूझकर परेशान करने के उद्देश्य से यह झूठी कानूनी कार्यवाही की जा रही है। इसी के मद्देनजर अभिनेत्री ने एलान किया है कि अब उनके वकील पवन वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) की आपराधिक कार्यवाही शुरू कर रहे हैं ताकि उनके द्वारा लगाए गए झूठे आरोपों को सबके सामने उजागर किया जा सके।

लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बाद, अमीषा पटेल ने 2023 में ‘गदर 2’ के जरिए धमाकेदार वापसी की थी। फिल्म ने ₹686 करोड़ से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर उन्हें फिर से टॉप अभिनेत्रियों की कतार में खड़ा कर दिया। ऐसे में इस कानूनी विवाद ने उनकी इमेज पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा दिया है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Gold Silver Price Today: लाइफटाइम हाई से चांदी ₹1.80 लाख और सोना ₹38,000 लुढ़का; जानें क्या हैं आज के भाव

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.