
यूनिक समय, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए आने वाला रविवार ऐतिहासिक होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी 2026 को देश की पहली पूर्ण हाई-स्पीड रीजनल ट्रेन, ‘नमो भारत’ के सराय काले खां से मोदीपुरम तक के पूरे खंड का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, सालों से मोदीनगर और मुरादनगर के भीषण जाम में फंसने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। 82 किलोमीटर का यह लंबा सफर, जो सड़क मार्ग से अक्सर 2 से 3 घंटे ले लेता था, अब मात्र 1 घंटे में पूरा हो जाएगा।
अब मिनटों में पहुंचेंगे मेरठ
सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक की दूरी तय करना अब किसी सपने जैसा होगा। इस प्रोजेक्ट के शुरुआती चरणों का उद्घाटन करीब डेढ़ साल पहले हुआ था, लेकिन अब पूरा 82 किलोमीटर का कॉरिडोर जनता के लिए समर्पित किया जा रहा है।
सिर्फ रैपिड रेल ही नहीं, मेरठ शहर को अपनी लोकल मेट्रो की सौगात भी मिलने जा रही है। 22 फरवरी को ही प्रधानमंत्री मोदी मेरठ शहर के भीतर चलने वाली 21 किलोमीटर लंबी मेट्रो का भी उद्घाटन करेंगे। यह पहली बार है जब रैपिड रेल के ट्रैक पर ही मेट्रो सर्विस को भी इंटीग्रेट किया गया है, जिससे शहर के अंदरूनी हिस्सों में सफर बेहद सुगम हो जाएगा।
30 हजार करोड़ का निवेश और आधुनिक सुविधाएं
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को पूरा करने में केंद्र और राज्य सरकार ने 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत लगाई है। नमो भारत ट्रेनें न केवल अपनी 180 किलोमीटर प्रति घंटा की शानदार रफ्तार के लिए जानी जाती हैं, बल्कि इनमें यात्रियों के लिए अत्याधुनिक प्रीमियम सुविधाएं भी दी गई हैं।
सफर के दौरान कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए हर सीट पर हाई-स्पीड वाई-फाई और मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट्स की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जबकि बिजनेस क्लास के यात्रियों के लिए अलग से अधिक आरामदायक प्रीमियम कोच का प्रावधान किया गया है। सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पूरी ट्रेन में हाई-टेक सीसीटीवी निगरानी तंत्र लगाया गया है और आपातकालीन स्थिति में मरीजों की सुविधा के लिए स्ट्रेचर व तत्काल मेडिकल सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply