यूनिक समय, नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित 'एआई समिट' के दौरान हुए हाई-प्रोफाइल विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह 8वीं गिरफ्तारी है। पुलिस आज सुबह 10 बजे के बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर सकती है, जिससे राजधानी में राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है। कांग्रेस का पलटवार उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सरकार और दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को 'गैरकानूनी' और 'लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या' करार दिया है। बघेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के केवल शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री के समझौतों और युवाओं की अनसुनी पीड़ा को दुनिया के सामने रखा था। पूर्व सीएम के अनुसार, युवाओं का सवाल पूछना और विरोध करना लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है, जिसे दबाने के लिए सरकार पुलिस का सहारा ले रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि उदय भानु चिब समेत सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए 'झूठे' आरोप वापस लिए जाएं। क्या था पूरा मामला? पिछले हफ्ते 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता टी-शर्ट पर विवादास्पद नारे लिखकर भारत मंडपम के सुरक्षा घेरे में घुस गए थे। वहां उन्होंने अपनी ऊपर की कमीजें उतारकर (Shirtless होकर) नारेबाजी की थी। दिल्ली पुलिस ने इस कृत्य को न केवल सुरक्षा में सेंध माना है, बल्कि इसके पीछे एक गहरी साजिश और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए SIT का गठन भी किया है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: मानदेय 18,000 रुपये होने पर शिक्षा मित्रों ने राधानगर पार्क में बांटी मिठाई, सरकार का जताया आभार