Fri, Jun 5th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

AI Summit Controversy: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

by Tarun Bhardwaj • February 24, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक यह 8वीं गिरफ्तारी है। पटियाला हाउस कोर्ट ने पुलिस की दलीलों को सुनने के बाद चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) में भेज दिया है।

साजिश और लॉजिस्टिक्स मुहैया कराने का आरोप

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत में तर्क दिया कि उदय भानु चिब इस पूरे विरोध प्रदर्शन के मुख्य सूत्रधार हैं। पुलिस के अनुसार उन्होंने न केवल इस प्रदर्शन की साजिश रची, बल्कि प्रदर्शनकारियों को जरूरी लॉजिस्टिक्स और संसाधन भी उपलब्ध कराए। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए 7 दिन की कस्टडी मांगी थी, हालांकि कोर्ट ने 4 दिन की अनुमति दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब इसकी जांच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच (इंटर-स्टेट सेल) को ट्रांसफर कर दी गई है।

कैसे रचा गया ‘टी-शर्ट प्रोटेस्ट’ का चक्रव्यूह?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘टी-शर्ट प्रोटेस्ट’ का चक्रव्यूह बेहद शातिर तरीके से रचा गया था, जिसके लिए प्रदर्शनकारियों ने भारत मंडपम जैसे सुरक्षित वीवीआईपी क्षेत्र में प्रवेश करने हेतु सामान्य आगंतुकों की तरह ऑनलाइन पंजीकरण कराकर क्यूआर कोड प्राप्त कर लिया था।

उनकी शुरुआती योजना काले रंग की छतरियों पर स्टिकर चिपकाकर ले जाने की थी, लेकिन सुरक्षा जांच में पकड़े जाने के डर से उन्होंने रणनीति बदलकर नारेबाजी वाले स्टिकर लगी टी-शर्ट अपनी कमीजों के नीचे छिपाकर पहन लीं। कार्यक्रम स्थल के अंदर हॉल नंबर-5 की लॉबी में घुसते ही उन्होंने अपनी शर्ट उतार दी, जिससे उनकी टी-शर्ट पर छपे ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’, ‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौता’ और ‘एप्स्टीन फाइल्स’ जैसे विवादास्पद नारे और पीएम मोदी व डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें सार्वजनिक हो गईं।

जांचकर्ताओं का यह भी दावा है कि इस हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के साथ मारपीट भी की, जिसकी अब व्यापक स्तर पर जांच की जा रही है।

सियासी घमासान

इस गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को ‘सरकारी तानाशाही’ और ‘कायरता’ करार दिया है। वहीं, बचाव पक्ष के वकील संजय घोष ने कोर्ट में दलील दी कि निहत्थे प्रदर्शनकारियों के शांतिपूर्ण विरोध को ‘दंगा’ बताना गलत है और पुलिस केवल टी-शर्ट बरामदगी को बड़ा मुद्दा बना रही है।

भारत मंडपम विरोध प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें सबसे बड़ा नाम इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का है। इस मामले की कड़ी में पुलिस ने ग्वालियर से तीन अन्य आरोपियों जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार को हिरासत में लिया है, जबकि शुरुआती चरण में बिहार से कृष्ण हरि व कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश से अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव की गिरफ्तारियां पहले ही की जा चुकी थीं।

वर्तमान में विशेष जांच टीम इन सभी गिरफ्तारियों के आधार पर विरोध प्रदर्शन के पीछे हुए संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और किसी बड़ी सुनियोजित साजिश के तमाम पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Breaking News: स्पाइसजेट की फ्लाइट SG121 की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग, सुरक्षित बचाए गए 150 यात्री

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.