Mathura News: होली से पहले निखरेगी कान्हा की नगरी; नगर आयुक्त ने सड़कों पर उतरकर जाँचा सौंदर्यीकरण

The Municipal Commissioner inspected the beautification by visiting the streets

यूनिक समय, मथुरा। विश्व प्रसिद्ध ब्रज की होली के पावन अवसर पर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मथुरा नगर निगम ने शहर के कायाकल्प की तैयारी पूरी कर ली है। बुधवार (25 फरवरी 2026) को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खुद ग्राउंड जीरो पर उतरकर शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम देते हुए कहा कि होली से पहले सभी विकास कार्यों को ‘फाइनल टच’ दिया जाए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रमुख चौराहों का निरीक्षण

नगर आयुक्त ने मछली फाटक, स्टेट बैंक चौराहा, कंकाली देवी मंदिर मार्ग और भूतेश्वर तिराहा का सघन दौरा कर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की बारीकी से जांच की और गुणवत्ता को परखा।

इस विशेष अभियान के तहत प्रशासन मुख्य रूप से चार बड़े बदलावों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जिसमें पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए सड़कों के किनारे आकर्षक और मजबूत पक्की टाइल्स लगाई जा रही हैं। ‘ग्रीन मथुरा-क्लीन मथुरा’ के संकल्प के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर सघन पौधरोपण किया जा रहा है ताकि पूरा वातावरण हरा-भरा नजर आए। साथ ही ब्रज की समृद्ध विरासत को संजोने के लिए शहर की दीवारों को ब्रज कला और संस्कृति को उकेरती शानदार चित्रकारी से सजाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त धूल और गंदगी से मुक्ति दिलाने के लिए सड़कों के कच्चे पैच को पक्का करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ मार्ग मिल सके।

अतिक्रमण पर प्रहार

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त का कड़ा रुख अतिक्रमणकारियों के प्रति भी दिखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों और तिराहों पर नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर कोई भी अवैध कब्जा न रहे, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को जाम की झाम से निजात मिल सके।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई का अल्टीमेटम

होली के त्यौहार की नजदीकी को देखते हुए नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि यदि कार्यों की गुणवत्ता खराब पाई गई या समय सीमा का उल्लंघन हुआ, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और निर्माण विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: UP Breaking News: हापुड़ में 13 क्विंटल मिलावटी कचरी और सेवइयां जब्त; पैरों से गुंथी जा रही थी मैदा

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*