
यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों, संविदाकर्मियों और पेंशनभोगियों के लिए इस बार की होली बेहद खास होने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहार की खुशियों को दोगुना करते हुए निर्देश दिया है कि फरवरी माह के वेतन और पेंशन का भुगतान होली से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। सीएम के इस फैसले से राज्य के कर्मचारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
28 फरवरी को खाते में आएगी खुशियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश का वित्त विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इस संबंध में आवश्यक शासनादेश भी जारी कर दिए गए हैं। नए आदेश के अनुसार फरवरी माह का वेतन और पेंशनर्स की पेंशन इसी महीने की 28 तारीख को सीधे बैंक खातों में क्रेडिट कर दी जाएगी, ताकि सभी कर्मचारी समय से होली की खरीदारी कर सकें।
वेतन भुगतान की इस जटिल प्रक्रिया को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए शासन ने आने वाले शनिवार को भी पूर्ण कार्यदिवस घोषित किया है, जिससे बिलिंग और बैंकिंग से जुड़े कार्यों में कोई रुकावट न आए। विशेष बात यह है कि इस आदेश का लाभ केवल स्थायी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मियों सहित राज्य के सभी श्रेणियों के कर्मियों को त्योहार से पहले खुशियों की यह सौगात मिलेगी।
सीएम की सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर होने वाली ढिलाई या लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसे ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत देखा जाएगा। उन्होंने कड़े निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी विभाग में तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से वेतन में देरी होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर संबंधित उच्चाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सीएम ने इस बात पर विशेष जोर दिया है कि सरकारी व्यवस्था को यह सुनिश्चित करना होगा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े सफाईकर्मियों और संविदाकर्मियों तक को होली के त्योहार से पहले उनका हक और पारिश्रमिक अनिवार्य रूप से मिल जाए।
3 दिन की छुट्टियों का ऐलान
उत्तर प्रदेश शासन ने इस वर्ष होली के पावन पर्व के अवसर पर अवकाश की रूपरेखा को आधिकारिक तौर पर स्पष्ट कर दिया है, जिसके तहत प्रदेश में कुल तीन दिनों के सरकारी अवकाश की घोषणा की गई है। इस निर्णय के अनुसार, राज्य में होली की छुट्टियां 2 मार्च से प्रारंभ होकर 4 मार्च तक प्रभावी रहेंगी, जिससे कर्मचारियों को परिवार के साथ त्योहार मनाने का पर्याप्त समय मिल सकेगा। शासन ने यह भी निर्धारित किया है कि सभी सरकारी कर्मचारियों और संस्थानों के लिए होली का मुख्य सार्वजनिक अवकाश 3 मार्च को रहेगा, जो उत्सव का प्रमुख दिन होगा।
पेंशनर्स और कर्मचारियों में खुशी की लहर
आमतौर पर वेतन महीने के अंत या अगले महीने की शुरुआत में आता है, लेकिन होली (मार्च के पहले सप्ताह) को देखते हुए फरवरी के अंतिम दिन ही भुगतान करने के निर्णय से कर्मचारियों को खरीदारी और त्योहार मनाने में बड़ी सुविधा होगी।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply