
यूनिक समय ,मथुरा। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का बाहरी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा को गार्ड रूम की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि वेयरहाउस परिसर में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी तिथि नियमित रूप से जांची जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय रहते बदलवाया जाए। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात कर्मियों की सुबिधाओं को लेकर बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, लोक निर्माण विभाग प्रथम के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Leave a Reply