India News: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी; अज्ञात ने MP5 गन से हमले का किया जिक्र

Union Minister Jayant Chaudhary receives death threat

यूनिक समय, नई दिल्ली। देश की राजनीति से इस वक्त एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर खबर सामने आ रही है। मोदी सरकार में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की सनसनीखेज धमकी दी गई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। धमकी देने वाले व्यक्ति ने न केवल आधुनिक हथियारों का जिक्र किया है, बल्कि मंत्री जी के आधिकारिक दौरों की गोपनीय जानकारी होने का भी दावा किया है।

MP5 जैसे हथियारों का जिक्र

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह पूरी घटना 18 मार्च 2026 की सुबह लगभग 11:00 बजे तब शुरू हुई जब एक अज्ञात नंबर से कॉल कर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई।

धमकी देने वाले व्यक्ति ने कॉल के दौरान स्पष्ट रूप से MP5 जैसे घातक हथियारों का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन्हीं से मंत्री जी को निशाना बनाएगा और इसके तुरंत बाद व्हाट्सएप पर उनका सरकारी ‘टूर प्रोग्राम’ भेजा, जिस पर हाथ से “इनको गोली मार दो” लिखा हुआ था। जब आरोपी से इस गोपनीय जानकारी के स्रोत के बारे में पूछा गया, तो उसने बेहद रहस्यमयी और डरावना जवाब देते हुए दावा किया कि यह सब उसे “ऊपर से भेजा गया है”।

आवास की जासूसी

पुलिस को दी गई शिकायत में न केवल फोन पर मिली धमकियों, बल्कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के दिल्ली स्थित आवास की फिजिकल जासूसी (Surveillance) का भी गंभीर जिक्र किया गया है।

शिकायत के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कोई अज्ञात व्यक्ति कोठी के पिछले गेट की लगातार निगरानी कर रहा है और लगभग तीन दिन पहले रात के समय काले शीशों वाली एक सफेद स्विफ्ट गाड़ी काफी देर तक वहां खड़ी देखी गई थी। इस संदिग्ध गाड़ी में सवार लोग कोठी के आने-जाने वाले रास्तों और दरवाजों के खुलने-बंद होने के समय की रेकी (Reece) कर रहे थे, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि मंत्री जी की गतिविधियों पर करीब से नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

47 वर्षीय जयंत चौधरी वर्तमान में एनडीए (NDA) सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनका बड़ा कद है, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस धमकी को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। तुगलक रोड थाना पुलिस ने साक्ष्यों और वॉयस मैसेजेस के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मंत्री जी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और संदिग्ध नंबर की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: India: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच DGCA ने जारी की हाई-रिस्क एडवाइजरी; 11 देशों के हवाई क्षेत्र से बचने के निर्देश

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*