यूनिक समय, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तकनीक से लैस करते हुए एक बड़ी सौगात दी है। राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने 69,794 स्मार्टफोन का वितरण किया। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य और विकास की सटीक निगरानी के लिए 1,33,282 स्टेडियोमीटर, 10,553 इंफॉण्टोमीटर और 58,237 वजन तौलने की मशीनें भी विभाग को सौंपी गईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि का बड़ा संकेत देते हुए विभाग को 'सम्मानजनक और न्यूनतम मानदेय की गारंटी' का प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2017 से पहले की व्यवस्थाओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने बच्चों के पोषाहार का ठेका उत्तर भारत के सबसे बड़े शराब माफिया को दे रखा था। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, "जब हमारी सरकार बनी तो मैं यह देखकर भौचक था कि शराब माफिया तय करता था कि बच्चों को क्या खाना मिलेगा। पोषाहार की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि वह खाने लायक नहीं होता था और आधा राशन तो पहुंचता ही नहीं था। ये वही लोग हैं जो बच्चों के हक पर डकैती डालते थे, जिसके कारण उत्तर प्रदेश 'बिमारू' राज्य बना रहा।" सीएम ने जोर देकर कहा कि आज चयन प्रक्रिया में पैसे का खेल खत्म हो चुका है और पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां की जा रही हैं। डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी ने कहा कि इन स्मार्टफोन्स के जरिए अब आंगनबाड़ी केंद्रों का डाटा रियल-टाइम अपडेट होगा, जिससे प्रदेश की रैंकिंग में सुधार आएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कोरोना काल में किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब बड़े-बड़े लोग घरों में दुबके थे, तब इन महिलाओं ने घर-घर जाकर स्क्रीनिंग का काम किया। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, "जो चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, वे गरीब की पीड़ा नहीं समझ सकते, उन्हें सिर्फ अपना परिवार दिखता है। लेकिन हमारी सरकार उनके साथ खड़ी है जो प्रदेश के बचपन को संवार रहे हैं।" स्मार्टफोन मिलने से अब हर आंगनबाड़ी केंद्र एक 'डिजिटल सेवा केंद्र' के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Bihar: राज्यसभा नवनिर्वाचित सदस्य नितिन नवीन ने छोड़ी बांकीपुर विधानसभा; सीएम नीतीश ने भी विधान परिषद से दिया त्यागपत्र [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]