यूनिक समय, नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भले ही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ रोमांचक सुपर ओवर में जीत दर्ज कर ली हो, लेकिन टीम के युवा खिलाड़ी अंगकृष रघुवंशी के लिए यह मैच कड़वा अनुभव लेकर आया। मैच के दौरान अनुशासनहीनता दिखाने के लिए आईपीएल प्रबंधन ने रघुवंशी पर मैच फीस का 20% जुर्माना ठोंका है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। क्या था पूरा मामला? यह घटना केकेआर की पारी के 5वें ओवर (4.6 ओवर) की है। प्रिंस यादव की गेंद पर शॉट खेलकर रन लेने दौड़े रघुवंशी को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। क्रीज में पहुंचने के लिए डाइव लगाते समय रघुवंशी गेंद की लाइन में आ गए। थ्रो मोहम्मद शमी ने किया था। रिप्ले देखने के बाद अंपायर ने माना कि अंगकृष रघुवंशी ने जानबूझकर या अपने मूवमेंट से फील्डिंग में बाधा डाली है, जिसके आधार पर उन्हें 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' आउट करार दिया गया। आउट होने के बाद खोया आपा अंपायर के इस फैसले से रघुवंशी बेहद नाराज नजर आए। मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला बाउंड्री कुशन पर दे मारा। डगआउट में पहुंचने के बाद अपना हेलमेट भी आक्रामक तरीके से फेंका। आईपीएल प्रबंधन ने उनके इस व्यवहार को आर्टिकल 2.2 (मैच उपकरण या ग्राउंड फिटिंग्स के साथ दुर्व्यवहार) के तहत लेवल-1 का उल्लंघन माना है। रघुवंशी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। क्या होता है 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'? क्रिकेट नियमों के अनुसार, यदि कोई बल्लेबाज जानबूझकर फील्डिंग टीम के थ्रो को रोकने या फील्डर के रास्ते में आने की कोशिश करता है, तो उसे बिना बोल्ड या कैच हुए भी आउट दिया जा सकता है। रघुवंशी के मामले में उनका डाइव लगाते समय गेंद की दिशा में जाना निर्णायक साबित हुआ। मैच का परिणाम विवादों के बीच यह मैच बेहद रोमांचक रहा। रिंकू सिंह की नाबाद 83 रनों की पारी की बदौलत केकेआर ने मैच को सुपर ओवर तक खींचा और अंततः जीत हासिल की। रिंकू को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। गौरतलब है कि रघुवंशी इस सीजन में दंडित होने वाले अकेले खिलाड़ी नहीं हैं। इससे पहले नांद्रे बर्गर (RR) पर भी लखनऊ के खिलाफ ही एक मैच में कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के लिए 10% मैच फीस का जुर्माना लगाया जा चुका है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: IPL 2026: अंपायर की ‘एक चूक’ और लखनऊ की हार? ऋषभ पंत के छक्के को दिया चौका; इकाना में अंपायरिंग पर मचा भारी बवाल [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]