यूनिक समय, नई दिल्ली। ताजनगरी के अकोला कस्बा क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन शुक्रवार सुबह हिंसक और उग्र हो गया। बिजली बिलों में हो रही कथित अनियमितताओं और भारी बिल आने से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपने घरों पर लगे स्मार्ट मीटरों को उखाड़ दिया और बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सड़कों पर उतरा ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार सुबह अकोला में विरोध की लहर उस वक्त तेज हो गई जब ग्रामीणों ने खुद ही मीटर उतारना शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों के बाहर लगे स्मार्ट मीटरों को उतारकर विभाग के प्रति अपना कड़ा विरोध जताया। ग्रामीण बड़ी संख्या में स्थानीय देवी मंदिर पर एकत्र हुए, जहाँ से उन्होंने बाजार होते हुए बिजलीघर तक पैदल मार्च निकाला और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी ग्रामीण उखाड़े गए मीटरों को लेकर बिजलीघर पहुंचे और वहां इन स्मार्ट मीटरों का ढेर लगा दिया। महिलाओं ने संभाली विरोध की कमान इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर बिजली बिलों में हो रही 'अत्यधिक वसूली' के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की जिला अध्यक्ष लवानिया ने किया। क्यों है ग्रामीणों में आक्रोश? ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं, बिलों में अनियमितता बढ़ गई है और क्षमता से अधिक बिल वसूले जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर लगाने की व्यवस्था को तुरंत रोका जाए और अब तक आए भारी बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले को शांत कराने के प्रयासों में जुटा है। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Punjab: शिरोमणि अकाली दल का CM भगवंत मान पर लगाया आरोप; बोले “मजदूर दिवस पर शराब पीकर विधानसभा पहुंचे CM” [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]