यूनिक समय, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया इतिहास रचा गया है। शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हजारों समर्थकों की गूंज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में पश्चिम बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 साल पुराने शासन का अंत हो गया और भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार की औपचारिक शुरुआत हो गई। पीएम मोदी और दिग्गजों का जमावड़ा इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में देश के तमाम दिग्गज नेता जुटे. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल हुए। शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। ऐतिहासिक ताजपोशी शुभेंदु अधिकारी को बंगाल की राजनीति में 'जायंट किलर' के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने लगातार दो बार सीटिंग सीएम ममता बनर्जी को चुनावी मैदान में पटखनी दी है; पहले 2021 में नंदीग्राम से और अब 2026 के विधानसभा चुनाव में उनके ही क्षेत्र भवानीपुर से उन्हें शिकस्त दी। करीब 6 साल पहले अमित शाह की उपस्थिति में बीजेपी में शामिल हुए शुभेंदु आज बंगाल में पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं। बीजेपी ने राज्य की 207 सीटों पर जीत हासिल कर यह सत्ता हासिल की है, जबकि टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई। शुभेंदु के साथ 5 मंत्रियों ने ली शपथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के पांच अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की है। इन मंत्रियों में मेदिनीपुर के पूर्व सांसद और कद्दावर नेता दिलीप घोष के साथ ही पार्टी का प्रमुख चेहरा और विधायक अग्निमित्रा पॉल शामिल हैं। इनके अतिरिक्त, नवनिर्वाचित मंत्री अशोक कीर्तनिया, आदिवासी नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करने वाले खुदीराम टुडु और पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रमुख युवा नेता निसिथ प्रमाणिक ने भी कैबिनेट में अपनी जगह बनाई है। भावुक क्षण शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने मंच पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। एक विशेष भावुक क्षण तब आया जब प्रधानमंत्री ने 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद लिया। माखनलाल सरकार 1952 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर आंदोलन में शामिल रहे थे। नवनियुक्त मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ के बाद स्पष्ट संदेश दिया कि अब बंगाल में "मैं नहीं, बल्कि हम सब मिलकर" विकास की नई इबारत लिखेंगे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Ravindranath Tagore’s 165th Birth Anniversary: गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]