यूनिक समय, गोवर्धन (मथुरा)। धर्म और आस्था की नगरी मथुरा के गोवर्धन (राधाकुंड) क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने देश को झकझोर कर रख दिया है। खुद को भगवान कृष्ण का रूप बताकर और 'राधारानी के सपने में आने' का ढोंग रचकर युवतियों का ब्रेनवॉश करने वाले IIT रुड़की के पास-आउट इंजीनियर बाबा अभिषेक मिश्रा उर्फ 'आदिकर्ता नारायण दास' की घिनौनी करतूतों का एक और बड़ा और खौफनाक चिट्ठा खुला है। रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोप में जेल जा चुके इस ढोंगी बाबा की शिकार अब पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक और पढ़ी-लिखी पीड़िता ने सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई है। सूत्रों के अनुसार, इस तथाकथित साधु ने धर्म की आड़ में दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियों का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने के लिए बकायदा एक नेटवर्क (चेन) बना रखा था। इंस्टाग्राम से लिया नंबर, फिर 'सपने का नाटक' रचकर जीता भरोसा पश्चिम बंगाल की रहने वाली दूसरी पीड़िता ने अपनी आपबीती बयां करते हुए बताया कि अभिषेक मिश्रा ने सबसे पहले इंस्टाग्राम और यूट्यूब के जरिए उसका पर्सनल नंबर निकाला। इसके बाद वह उसे जूम (Zoom) ऐप के माध्यम से लाइव भगवद गीता और प्रवचन के कार्यक्रमों में जोड़ने लगा। उसकी ज्ञान और धर्म की बातों से प्रभावित होकर पीड़िता करीब एक साल पहले पश्चिम बंगाल से मथुरा आ गई और राधाकुंड क्षेत्र में रहने लगी। पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर की कुछ निजी समस्याओं को लेकर काफी परेशान थी, जिसका फायदा इस ढोंगी बाबा ने उठाया। उसने टेलीग्राम ऐप पर पीड़िता को मैसेज भेजकर पूछा कि 'आप कैसी हो?' जब पीड़िता ने कहा कि कुछ ठीक नहीं है, तो अभिषेक ने शातिराना अंदाज में कहा कि वह यह बात पहले से जानता है, क्योंकि खुद राधारानी ने उसके सपने में आकर यह बात बताई थी। इसके बाद वह अलग-अलग दिन ऐसी बातें करने लगा जिससे पीड़िता का उस पर अंधविश्वास बढ़ गया और उसने अभिषेक को अपना गुरु मान लिया। गुरु निष्ठा की आड़ में डराया, पूछा— 'गलत करूंगा तो क्या कर लोगी' पीड़िता के मुताबिक, गुरु बनाने के बाद उसका अभिषेक के किराए के मकान में आना-जाना शुरू हो गया। उस मकान में एक तरफ लड़कियां और दूसरी तरफ लड़के रहते थे। कुछ दिन तो सब ठीक चला, लेकिन एक दिन अभिषेक ने पीड़िता के मोबाइल पर एक टेक्स्ट मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था— "अगर मैं तुम्हारे साथ कुछ गलत करूंगा तो तुम क्या कर लोगी?" इस पर सहमी पीड़िता ने जवाब दिया कि वह पुलिस में शिकायत करेगी। इसके बाद आरोपी ने गुरु निष्ठा की दुहाई देकर उसका ब्रेनवॉश करने की पुरजोर कोशिश की। जब बात नहीं बनी, तो वह उसे डराने, धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। छत्तीसगढ़ की नर्सिंग छात्रा से रेप इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ था जब छत्तीसगढ़ की रहने वाली 22 वर्षीय एक बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने 25 मई को मथुरा के एसएसपी से लिखित शिकायत की थी। उसने आरोप लगाया था कि अभिषेक मिश्रा ने उसे प्रसाद के नाम पर नशीला दूध पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग करने लगा। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने 25 मई को ही केस दर्ज किया और 1 जून को राधाकुंड स्थित मकान पर छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से दो युवतियों और एक लड़के को इस दलदल से सकुशल रेस्क्यू भी किया। आरोपी के मोबाइल से पुलिस को 12 से ज्यादा युवक-युवतियों के अश्लील फुटेज मिले हैं। मल्टीनेशनल कंपनियों के कर्मचारी निशाने पर दिल्ली के रहने वाले और बी.टेक करने के बाद एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने वाले एक पीड़ित युवक ने इस रैकेट को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। युवक ने बताया कि अभिषेक का निशाना हमेशा अच्छी पढ़ी-लिखी और बड़ी कंपनियों में काम करने वाली अमीर युवतियां होती थीं। वह लड़कों और लड़कियों को फंसाकर अपने जाल में लाता और उनका आपस में जबरन 'गंधर्व विवाह' करा देता था। विरोध करने पर सगी बूढ़ी मां को पीटा आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि अभिषेक की मां ओडिशा सरकार में एक सरकारी शिक्षिका (टीचर) थीं। रिटायरमेंट के बाद वह अपनी जमा पूंजी लेकर मथुरा भक्ति करने आईं और यहां मकान बनाने के लिए जमीन भी खरीदी, जिसमें वर्तमान में अभिषेक रह रहा था। जब मां को बेटे की इन घिनौनी और अनैतिक हरकतों का पता चला, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। इस पर करीब 3 महीने पहले कलयुगी बेटे अभिषेक ने अपनी सगी मां को बेरहमी से पीटा। इस क्रूरता के बाद उसकी बुजुर्ग मां रोती हुई वापस ओडिशा लौट गईं। [embedpress]https://www.instagram.com/reel/DZHKEJbnWlW/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA[/embedpress] पुलिस ने कहा— 12 दर्जन लोगों का किया ब्रेनवॉश एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने मामले की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अभिषेक मिश्रा बेहद शातिर और उच्च शिक्षित है। उसने साल 2017 से 2021 तक देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT रुड़की से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उसने मुंबई की एक नामी कंपनी में अच्छे पैकेज पर नौकरी भी की, लेकिन साल 2023 में नौकरी छोड़कर वह साधु का भेष धरकर मथुरा आ गया। पुलिस के मुताबिक, वह ऑनलाइन सोशल मीडिया, यूट्यूब और ज़ूम ऐप पर धार्मिक प्रवचनों के जरिए लोगों को आकर्षित करता था। वह अब तक करीब 12 दर्जन (144 से अधिक) युवक-युवतियों का मानसिक रूप से ब्रेनवॉश कर चुका है। पुलिस फिलहाल आरोपी के बैंक खातों, सोशल मीडिया नेटवर्क और मोबाइल डेटा को खंगाल रही है ताकि इस घिनौने साम्राज्य से जुड़े अन्य राजफाश किए जा सकें। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Norway Chess 2026: प्रज्ञानंद ने दुनिया के नंबर-1 चेस प्लेयर मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल मुकाबले में हराकर रचा इतिहास ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]