Fri, Jun 12th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

UP: अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर अभद्र टिप्पणी विवाद में बोले ओम प्रकाश राजभर — ‘अदिति मेरी भी बेटी है…..’

by Tarun Bhardwaj • June 12, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। इस बेहद संवेदनशील और विवादित मामले में अब सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। राजभर ने एक तरफ जहाँ सपा मुखिया की बेटी पर की गई अशोभनीय टिप्पणियों का पुरजोर विरोध किया और उसे बेहद शर्मनाक बताया, वहीं दूसरी तरफ इस पूरे फसाद के लिए खुद समाजवादी पार्टी के कल्चर और उनके कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहरा दिया। राजभर ने दावा किया कि इस विवाद की जब पूरी जांच होगी, तो इसके पीछे भी किसी सपाई का ही हाथ बाहर निकलेगा।

“अदिति मेरी भी बेटी है” – राजभर

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक लंबी-चौड़ी और बेहद हमलावर पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा “अदिति यादव मेरी भी बेटी है। लेकिन अखिलेश यादव जी को क्या कहूं? वह तो पूरी तरह से सिर्फ ट्विटर, एसी कमरे और पीसी (प्रेस कॉन्फ्रेंस) के नेता बनकर रह गए हैं। उनके भीतर कोई गंभीरता नहीं बची है। बेटी अदिति के खिलाफ लाल-हरी टोपी वालों में से जिस किसी ने भी यह आपत्तिजनक और घटिया पोस्ट की है, वह पूरी तरह से शर्मनाक और गुनाह-ए-अज़ीम है।”

अखिलेश यादव पर हमला जारी रखते हुए राजभर ने कहा कि यह समय स्वयं सपा मुखिया समेत सभी सपाई कार्यकर्ताओं के लिए अपने गिरेबान में झांकने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपाई हमेशा अपनी हैसियत के घमंड में चूर रहते हैं और सामाजिक पदानुक्रम में अपने से नीचे या कमजोर वर्ग के लोगों को गालियां देते और दिलवाते रहते हैं।

राजभर ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग किसी की जाति का, किसी के रंग का, किसी की धार्मिक श्रद्धा का, किसी के कपड़ों का और यहाँ तक कि किसी के पेशे का भी सरेआम मजाक उड़ाते रहते हैं। उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे स्वयं अखिलेश के गुंडों के भुक्तभोगी रहे हैं। सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव उनके और उनके परिजनों के बारे में क्या-क्या भद्दी चीजें लिखवाते रहते हैं, इसे पूरा बहुजन समाज रोजाना खुली आंखों से देख रहा है।

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पूरे भरोसे के साथ दावा किया कि बेटी अदिति यादव के खिलाफ जो यह घटिया हरकत हुई है, वे गारंटी के साथ कह सकते हैं कि जांच होने पर उसमें भी कोई न कोई सपाई ही दोषी निकलेगा। इस तरह महिलाओं के प्रति घटिया सोच रखने का प्रशिक्षण कोई लाल या हरी टोपी पहनने वाले ‘मास्टर साहब’ की कक्षा में ही मिलता है। उन्होंने जनता को याद दिलाते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान को लेकर खुद अखिलेश यादव, उनके चचा शिवपाल सिंह यादव और आजम खान के पुराने बयानों को उठाकर देख लीजिए, इनकी हकीकत साफ पता चल जाएगी।

विनोद कुमार यादव का नाम आया सामने

राजभर ने अपनी पोस्ट के आखिर में एक नाम का खुलासा करते हुए लिखा कि वैसे इस पूरे मामले में किसी ‘विनोद कुमार यादव’ का भी नाम सामने आ रहा है। उन्होंने सीधे सपा मुखिया की बेटी को संबोधित करते हुए भावुक अंदाज में लिखा, “अदिति बेटी, आप पर की गई इस आपत्तिजनक टिप्पणी से हम सब बेहद शर्मिंदा हैं। बिटिया, आपसे कैसे कहूं कि एक हाथ में चांदी का चम्मच और दूसरे हाथ में बल्लम लेकर पैदा हुए इन रसूखदार लोगों ने आज की राजनीति को किस घिनौने गर्त में पहुंचा दिया है, जो बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है।”

गौरतलब है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव की बेटी पर सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। सपाइयों ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से इस मामले में एफआईआर दर्ज कर तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, वहीं खुद अखिलेश यादव ने भी अपनी बेटी के समर्थन में आते हुए इस पूरी घटना पर बेहद तीखा और कड़ा पलटवार किया है।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: Delhi: गोविंदपुरी में पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग; एक ही परिवार के तीन लोगों की झुलसकर मौत, दो की हालत नाजुक

ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

मई में खुदरा महंगाई दर बढ़कर हुई 3.93% ओमान तट पर अमेरिकी हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत से भड़का भारत कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन को सुप्रीम कोर्ट से लगा बड़ा झटका गोवर्धन पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अदिति यादव विवाद पर बोले ओम प्रकाश राजभर दिल्ली के गोविंदपुरी में पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग दिग्गज शूटर जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन Realme P4R 5G भारत में लॉन्च