Tue, Jun 16th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

‘मैच खत्म… अब घर जाओ’, श्रीलंकाई गेंदबाज के ताने पर बुरी तरह भड़के वैभव सूर्यवंशी; मैदान पर हुई धक्का-मुक्की

by Tarun Bhardwaj • June 16, 2026
Advertisement
Ad

यूनिक समय, नई दिल्ली। भारत ए (India A) और श्रीलंका ए (Sri Lanka A) के बीच दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के मुकाबले का अंत बेहद नाटकीय और तनावपूर्ण रहा। खराब रोशनी के बीच सुपर ओवर तक खिंचे इस रोमांचक महामुकाबले में इंडिया ए को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इस हार से ज्यादा चर्चा मैच के ठीक बाद मैदान पर हुई उस घटना की हो रही है, जिसने खेल भावना को तार-आर कर दिया। मैच खत्म होने के बाद भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली, जिससे मैदान का माहौल पूरी तरह गर्म हो गया।

265 रनों पर टाई हुआ मुकाबला

तिलक वर्मा की कप्तानी में खेल रही इंडिया ए की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी 10 विकेट खोकर 265 रन बनाए थे। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की टीम ने भी अपनी पारी में ठीक 265 रन बनाकर मुकाबले को टाई करा दिया। मैच टाई होने के बाद नतीजा निकालने के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया।

सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए 6 गेंदों में 17 रन कूट डाले और इंडिया ए के सामने जीत के लिए 18 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। भारत की ओर से इस मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे मैदान पर उतरे, लेकिन वे श्रीलंकाई गेंदबाजी के आगे संघर्ष करते नजर आए और महज 9 रन ही बना सके। इसके साथ ही श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में यह मैच अपने नाम कर लिया।

“मैच खत्म, अब घर जाओ”… श्रीलंकाई खिलाड़ी के कमेंट पर भड़के वैभव

असल विवाद मैच के ठीक बाद तब शुरू हुआ जब हार से निराश वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे वापस पवेलियन (ड्रेसिंग रूम) की ओर लौट रहे थे। तभी श्रीलंका ए के कुछ खिलाड़ी उनके बेहद करीब आ गए और जीत का आक्रामक जश्न मनाने लगे। इसी दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलांबागे ने वैभव सूर्यवंशी को उकसाते हुए तंज कसा और कहा— “Match over… now you go home” (मैच खत्म हो गया है, अब अपने घर जाओ)।

15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव को यह स्लेजिंग और अपमानजनक कमेंट बेहद नागवार गुजरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैभव ने तुरंत पलटवार किया और गुस्से में हलांबागे के पास जाकर उन्हें हाथ से पीछे की तरफ धक्का दे दिया। दोनों के बीच शारीरिक टकराव होता देख मैदान पर हड़कंप मच गया। स्थिति को बिगड़ता देख श्रीलंका के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला और भारत के सूर्यांश शेडगे ने तुरंत बीच-बचाव किया और दोनों खिलाड़ियों को अलग कर मामला शांत कराया।

कप्तान तिलक वर्मा और अंपायरों में हुई तीखी बहस

इस पूरे विवाद की एक मुख्य वजह दांबुला स्टेडियम में खराब होती रोशनी (खराब विजिबिलिटी) भी रही। मैच के अंतिम ओवरों के दौरान मैदान पर तेजी से अंधेरा छा रहा था, जिसे लेकर इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा की अंपायरों के साथ तीखी बहस भी हुई। तिलक वर्मा का तर्क था कि कम रोशनी के कारण खिलाड़ियों को गेंद देखने में भारी दिक्कत हो रही है, इसलिए खेल को रोका जाना चाहिए।

हालांकि, अंपायरों ने विजिबिलिटी की चेतावनी मिलने के बावजूद मैच को आखिरी गेंद तक जारी रखने और बाद में सुपर ओवर कराने का भी फैसला किया। भारतीय बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे को भी सुपर ओवर के दौरान गेंद सही से दिखाई नहीं दे रही थी, जिसे भारतीय टीम प्रबंधन अपनी हार की एक बड़ी वजह मान रहा है।

श्रीलंका क्रिकेट अधिकारी ने माना अंपायरों की गलती

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे ड्रामे और विवाद के बाद श्रीलंका ए टीम प्रबंधन ने एक आंतरिक समीक्षा बैठक की है। इसमें विशेन हलांबागे के अमर्यादित व्यवहार पर कड़ी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, श्रीलंकाई टीम प्रबंधन अपने खिलाड़ी की इस हरकत के लिए इंडिया ए के ड्रेसिंग रूम में जाकर आधिकारिक तौर पर माफी मांग सकता है।

मामले पर बयान देते हुए एक श्रीलंका क्रिकेट (SLC) अधिकारी ने भी माना कि दांबुला में रोशनी लगातार खराब हो रही थी और ऐसी स्थिति में सुपर ओवर कराया ही नहीं जाना चाहिए था। हालांकि, मैच की कड़वाहट को भूलकर बाद में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक तरीके से आपस में हाथ मिलाया (Handshake किया) और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा। इंडिया ए की टीम अब इस विवाद को पीछे छोड़कर बुधवार को अफगानिस्तान ए के खिलाफ होने वाले अपने अगले महत्वपूर्ण मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करेगी।

नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

यह भी पढ़े: UP BEd JEE Result 2026: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने जारी किया बीएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट; ऐसे चेक करें अपना स्कोरकार्ड

ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.

श्रीलंकाई गेंदबाज के ताने पर भड़के वैभव सूर्यवंशी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने जारी किया बीएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जसपाल राणा की मां श्यामा देवी का निधन नागपुर में महिला को काले जादू के जाल में फंसाकर दुष्कर्म; दो गिरफ्तार फिल्म निर्माता करण जौहर ने की फिल्म ‘ओडियन’ की घोषणा केंद्र सरकार ने टेलीग्राम पर लगाया अस्थाई प्रतिबंध प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की बेरहमी से हत्या भूतेश्वर चौराहे पर आधी रात हाई-वोल्टेज ड्रामा