यूनिक समय, नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन पिछले 20 दिनों से लगातार जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े सोनम वांगचुक की सेहत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। डॉक्टरों द्वारा ऑर्गन फेल होने (अंगों के काम करना बंद करने) की गंभीर चेतावनी दिए जाने के बीच सोनम वांगचुक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें उन्होंने बेहद भावुक और मजाकिया अंदाज में संसद मार्च को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। "20 जुलाई तक जिंदा रहूँगा, नहीं तो...." सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस नए वीडियो में सोनम वांगचुक ने आगामी संसद मार्च का जिक्र करते हुए कहा, "मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक जिंदा रहूँगा, ताकि आप सभी के साथ संसद तक मार्च कर सकूं।" उन्होंने मुस्कुराते हुए आगे कहा, "अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं रहा, तो फिर मैं भूत बनकर वापस आऊँगा।" गंभीर शारीरिक कष्ट और कमजोरी के बावजूद उनके इस मजाकिया और हौसले से भरे अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया है। इस बीच, विपक्षी नेताओं का जंतर-मंतर पहुंचना लगातार जारी है। शुक्रवार (17 जुलाई) को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की, उनकी सेहत का हाल जाना और उनके आंदोलन को अपनी पार्टी का पूर्ण समर्थन दोहराया। बता दें कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दल इस आंदोलन को अपना समर्थन दे चुके हैं। 24 घंटे में फिर घटा 350 ग्राम वजन भूख हड़ताल के 20वें दिन सोनम वांगचुक का वजन घटकर अब मात्र 56.55 किलोग्राम रह गया है और पिछले महज 24 घंटों के भीतर ही उनके वजन में 350 ग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसका सीधा और घातक असर उनके शरीर पर साफ दिखाई दे रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम चौबीसों घंटे उनकी सेहत पर कड़ी नजर रखे हुए है और शुक्रवार को उनकी सेहत का नया अपडेट देते हुए डॉ. सतीश लांबा ने बताया कि यद्यपि शरीर में पानी का स्तर फिलहाल नियंत्रण में है, फिर भी डॉक्टरों ने उनके शरीर में मामूली डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी के लक्षण पाए हैं। इसके साथ ही डॉक्टरों ने यह गंभीर चेतावनी भी दी है कि लगातार अन्न न मिलने के कारण उनके शरीर के आंतरिक अंगों पर भारी दबाव बढ़ रहा है और यदि यह अनशन जल्द ही समाप्त नहीं किया गया, तो उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंग यानी ऑर्गन्स पूरी तरह काम करना बंद कर सकते हैं। गौरतलब है कि देश के इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर छात्रों, युवाओं और देश के बुद्धिजीवियों की नजरें टिकी हुई हैं। जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के साथ कॉकरोच जनता पार्टी के कई कार्यकर्ता भी पूरी मजबूती के साथ डटे हुए हैं और सभी की एक ही मांग है कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Breaking: 3 इडियट्स’ के फुंसुख वांगडू को लेकर आमिर खान ने किया बड़ा खुलासा; सोनम वांगचुक की सेहत पर जताई चिंता ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]