यूनिक समय, मथुरा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की गूंज अब धर्मनगरी मथुरा में भी सुनाई देने लगी है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मथुरा जिलाधिकारी (DM) कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नैतिक आधार पर तुरंत इस्तीफे की मांग की। लगाए गंभीर आरोप प्रदर्शन में शामिल बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अदिति सनवाल ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार की दमनकारी नीति करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर बर्बरतापूर्वक लाठियां भांजीं। सनवाल ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई के दौरान कई पुलिसकर्मियों की वर्दी पर नेम प्लेट तक गायब थी और आंदोलनकारी छात्रों के साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया गया। 'लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर, तय हो जवाबदेही' — वंदना राही छात्रा वंदना राही ने देश में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक परीक्षाओं के पर्चे लीक होने से देश के लाखों होनहार युवाओं का भविष्य और मेहनत दांव पर लगी हुई है। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस पूरी नाकामी की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, यह आंदोलन थमेगा नहीं। निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में समता फाउंडेशन और छात्रों ने मुख्य रूप से दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने वाले तथा बिना नेम प्लेट के कार्रवाई में शामिल दोषी पुलिस अधिकारियों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने, और देश की संपूर्ण परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाते हुए छात्रों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग रखी, जिसमें अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ मथुरा के विभिन्न कॉलेजों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Vrindavan: गुरु पूर्णिमा से पहले वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का; नंगे पैर चलकर किए संत प्रेमानंद महाराज जी के किए दर्शन ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]