यूनिक समय, वृंदावन। थाना कोतवाली वृंदावन क्षेत्र के चैतन्य बिहार (सेक्टर-4) स्थित एक निर्माणाधीन मकान में गुरुवार सुबह मजदूर का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक का शव लहूलुहान अवस्था में पट्टों के ऊपर पड़ा मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। साइट पर काम देखने पहुंचे इंजीनियर ने देखा शव जानकारी के अनुसार, चैतन्य बिहार सेक्टर-4 में पंकज नामक व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां लेंटर की शटरिंग का काम करने वाले मजदूर पप्पू और कन्हैया रुके हुए थे। बुधवार शाम को अन्य मजदूर काम खत्म करके चले गए थे, जबकि पप्पू और कन्हैया वहीं रुक गए थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जब साइट पर काम देखने वाला व्यक्ति पहुंचा, तो उसने पप्पू को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। दो दिन पहले औरैया से आया था मृतक मौके पर मौजूद अन्य मजदूर अवनीश कुमार ने बताया कि मृतक पप्पू उनके मामा के गांव (औरैया) का रहने वाला था और दो दिन पहले ही काम की तलाश में वृंदावन आया था। बुधवार रात उनके साथ कन्हैया नाम का एक अन्य मजदूर भी रुका था, जो घटना के बाद से ही मौके से गायब है। घटनास्थल की परिस्थितियों और साक्ष्यों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि साथी मजदूर ने ही किसी विवाद के बाद पप्पू पर हमला कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने सील किया घटनास्थल, जांच जारी घटना की सूचना पर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) वृंदावन संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और वारदात वाली जगह को सील कर दिया। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन साइट पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव के सिर और आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के कारणों और फरार साथी मजदूर की भूमिका की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mathura News: जैंत थाना क्षेत्र में टेंट गोदाम में लगी भीषण आग; दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]