यूनिक समय, मथुरा। मांट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पार्टी प्रवक्ता राजेश चौधरी को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि यह धमकी भरी कॉल पाकिस्तान के नंबर से आई है। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात आतंकी संगठन 'लश्कर-ए-तैयबा' का सदस्य बताते हुए विधायक को टीवी चैनलों पर धार्मिक मुद्दों और इस्लाम के खिलाफ बोलने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। धमकी में आरोपी ने कहा कि यदि उन्होंने टीवी डिबेट्स में बोलना बंद नहीं किया, तो उनके पूरे परिवार को बम से उड़ा दिया जाएगा। घटना के बाद विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। रात में आई दो कॉल विधायक राजेश चौधरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उन्हें 28 सितंबर की रात पहली कॉल करीब 10:38 बजे आई। कॉल रिसीव करते ही दूसरी तरफ से आरोपी ने खुद को लश्कर का सदस्य बताते हुए कहा, "आप टीवी पर बहुत बोलते हो, यह बंद कर दो। हमें पता है आप कहां रहते हैं। अगर बोलना बंद नहीं किया तो पूरे परिवार को बम से उड़ा देंगे।" इसके बाद रात करीब 2:17 बजे दोबारा कॉल आई। कॉल उठाते ही आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पूछा कि वे इंडिया में कहां रहते हैं। इस पर विधायक ने जब लखनऊ में रहने की बात कही, तो आरोपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि हिंदू-मुस्लिम मुद्दों पर बोलना बंद कर दो, वरना इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। विधायक बोले— 'जिहादियों की धमकियों से नहीं डरता' धमकी भरे फोन कॉल पर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि उन्हें इस तरह की धमकियां पहले भी मिलती रही हैं और वे इन धमकियों से कतई डरने वाले नहीं हैं। भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने कहा "मैं जिहादियों से डरने वाला नहीं हूँ। देश में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शासन है। जो लोग इस देश में गजवा-ए-हिंद का सपना देख रहे हैं, वे कभी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे। भारत में सनातन व्यवस्था मजबूत रहेगी।" पुलिस की कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने 29 सितंबर को एसएसपी श्लोक कुमार से मुलाकात कर लिखित तहरीर और साक्ष्य सौंपे। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने विधायक के आवास पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीमें अज्ञात पाकिस्तान-आधारित नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने में जुट गई हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) आशना चौधरी ने बताया कि विधायक की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: एशियन गेम्स 2026: तीरंदाजी में भारत का दबदबा; महिला और मिक्स्ड कंपाउंड टीम ने जीते 2 गोल्ड ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]