यूनिक समय, मथुरा। जिले के थाना गोविंद नगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दूसरे धर्म के युवक से लव मैरिज करने से नाराज भाई ने अपनी ही बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के बाद हरकत में आई मथुरा पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली में काम के दौरान हुआ था प्यार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती की रहने वाली नाजिया उर्फ जन्नत दिल्ली में स्पोर्ट्स कपड़े बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं पर उसकी मुलाकात राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव पचेरीकलां निवासी रविंद्र से हुई। लगभग दो साल तक चले प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने लव मैरिज करने का फैसला किया। रविंद्र के परिजन इस रिश्ते के लिए राजी हो गए, लेकिन नाजिया के परिवार वाले लगातार इसका विरोध करते रहे। परिजनों का विरोध और धोखे से मथुरा लाना परिवार के न मानने पर नाजिया चार महीने पहले घर छोड़कर चली गई और उसने रविंद्र से प्रेम विवाह कर लिया। शादी के तीन महीने बाद तक परिजन उस पर रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाते रहे। जब नाजिया नहीं मानी, तो परिजनों ने झूठी सहमति का दिखावा किया। गत 25 सितंबर को नाजिया की मां और मौसी बातों में फंसाकर उसे मथुरा ले आईं। कुछ दिन रहने के बाद जब नाजिया ने वापस अपने पति के पास जाने की जिद की, तो परिवार में फिर विवाद शुरू हो गया। फोन बंद मिलने पर पति को हुआ अनहोनी का शक नाजिया के मायके जाने के 15 दिन बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी और उसका फोन बंद आने लगा, तो पति रविंद्र ने परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की। पहले तो वे टालमटोल करते रहे और बाद में फोन उठाना ही बंद कर दिया। अनहोनी की आशंका होने पर रविंद्र ने राजस्थान के झुंझुनू थाने में पत्नी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। राजस्थान पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर 23 अक्टूबर 2026 को मथुरा पुलिस को ईमेल भेजकर जांच का अनुरोध किया। पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी भाई मामले की जांच थाना गोविंद नगर पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने जब युवती के परिजनों से पूछताछ की, तो वे गोलमोल जवाब देने लगे। शक के आधार पर पुलिस ने 24 अक्टूबर की रात नाजिया के भाई अकरम को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में अकरम बहन की मौत करंट लगने से होना बताता रहा, लेकिन पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे वह टूट गया और उसने कबूल किया कि उसी ने बहन की गला दबाकर हत्या की थी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया था। मजिस्ट्रेट के आदेश पर खोदा गया शव आरोपी की निशानदेही पर रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आदेशानुसार पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कब्रिस्तान की खुदाई कराकर नाजिया के शव को बाहर निकलवाया गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी भाई अकरम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मां और मौसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरी घटना की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विधिक साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: UP Special TET 2026: उत्तर प्रदेश स्पेशल टीईटी परीक्षा के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी; 3 नवंबर को होगा एग्जाम ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]